सागर19 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के समर्थन में मंत्री रामखेलावन पटेल एवं भारत सिंह कुशवाह, विधायक शैलेंद्र जैन और लारिया ने किया जनसंपर्क
सुरखी विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा आक्रामक प्रचार कर रही है। मंगलवार को भाजपा के संभावित प्रत्याशी राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के समर्थन में केबिनेट मंत्री रामखेलावन पटेल एवं राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने एक के बाद एक कई गांव में जनसंपर्क किया। साथ ही सागर विधायक शैलेंद्र जैन और नरयावली विधायक प्रदीप लारिया भी उनके समर्थन में प्रचार करने पहुंचे। इस प्रकार मंगलवार को 3 मंत्री और 2 विधायकों ने भाजपा के समर्थन में प्रचार किया और वोट मांगे। सभी नेताओं ने कांग्रेस सरकार के 15 महीने के कार्यकाल की नाकामी को गिनाते हुए भाजपा सरकार की जन हितैषी योजनाओं का गुणगान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा हर वर्ग के लोगों के हित में योजना बनाकर काम करती है। सुरखी विधानसभा के संपूर्ण विकास के लिए भाजपा ही सही विकल्प है। राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह एवं मंत्री प्रतिनिधि हीरा सिंह राजपूत ने 11 गांवों में जनसंपर्क किया। कुशवाह ने कहा भाजपा सरकार गरीब एवं किसानों की सरकार है। केबिनेट मंत्री रामखेलावन पटेल एवं मंत्री प्रतिनिधि गुलाब सिंह राजपूत ने 4 गांवों में जनसंपर्क किया। पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश की 15 माह की कांग्रेस की सरकार में लोगों के साथ लगातार अन्याय किया जा रहा था। भाजपा सरकार सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभान्वित कर रही है।
साथ ही क्षेत्र के संपूर्ण विकास की एक नई इबारत लिखी जा रही है। विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि भाजपा गरीब एवं किसान हितैषी पार्टी है। लोग विकास के लिए भाजपा को चुनें। नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि यह चुनाव लोक कल्याणकारी योजनाओं का भविष्य तय करने वाला है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में कभी फर्क नहीं रहा है। भाजपा ही वह पार्टी जो जनता से किए वादों को निभाना जानती है। कांग्रेस ने आखिर जनता के लिए किया क्या है? जो जनता उसका अहसान चुकाए। नाममात्र के लिए एक भी ऐसी योजना नहीं है जिस पर कांग्रेस की छाप हो। कांग्रेस सिर्फ आपस में लड़ने-झगड़ने वाली पार्टी बनकर रह गई है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में आज आएंगे प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री भार्गव-भूपेंद्र भी होंगे शामिल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा बुधवार को राहतगढ़ एवं बिलहरा में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने बताया कि भाजपा चुनावी तैयारी के तहत मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं के सम्मेलन करने जा रही है। इसी क्रम में प्रदेशाध्यक्ष सुबह 11 बजे राहतगढ़ मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वे राहतगढ़ से सीहोरा, भापेल, जैसीनगर होते हुए शाम 3 बजे बिलहरा पहुंचेंगे। यहां सुरखी मंडल के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव, नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह, राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद राजबहादुर सिंह विधायक प्रदीप लारिया, शैलेंद्र जैन एवं धर्मेंद्र लोधी, वरिष्ठ राजेंद्र सिंह मोकलपुर, सुधीर यादव विशेष रूप से शामिल होंगे।