कुछ दिल तोड़ने पड़े तो तोड़ेंगे, फाइनल से पहले न्यूजीलैंड कप्तान का बड़ा बयान

कुछ दिल तोड़ने पड़े तो तोड़ेंगे, फाइनल से पहले न्यूजीलैंड कप्तान का बड़ा बयान


नई दिल्ली. टी20 विश्व कप फाइनल से पहले कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने साफ कर दिया है कि उनकी टीम दबाव से घबराने वाली नहीं है.  भारतीय सरजमीं पर फाइनल मुकाबला खेलने जा रही न्यूजीलैंड की टीम न सिर्फ आत्मविश्वास से भरी हुई है, बल्कि भारत को उसी के घर में हराकर ट्रॉफी जीतने का सपना भी देख रही है सैंटनर का मानना है कि फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में पिछले आंकड़े या द्विपक्षीय सीरीज ज्यादा मायने नहीं रखते. असली फर्क उस दिन के प्रदर्शन से पड़ता है. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि भारतीय टीम बेहद मजबूत है, लेकिन अगर शुरुआती विकेट मिल जाएं तो मुकाबला पलटा जा सकता है.

सैंटनर ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीम फाइनल मुकाबले को लेकर बेहद उत्साहित है. उन्होंने कहा, “हम पहले भी भारत के खिलाफ खेल चुके हैं, इसलिए इसमें कोई रहस्य नहीं है. हमारी टीम के खिलाड़ी कल के मैच को लेकर काफी उत्साहित हैं. यह एक मैच का मुकाबला है और इसमें जो बेहतर खेलेगा वही जीत जाएगा.

बुमराह की गेंदबाजी की तारीफ

भारतीय तेज गेंदबाज बुमराह की तारीफ करते हुए सैंटनर ने कहा कि इस समय वह दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में से एक हैं. उन्होंने कहा, “जिस तरह से बुमराह गेंदबाजी कर रहे हैं, वह किसी भी चर्चा का हिस्सा बन सकते हैं. हमने अभी पिच को करीब से नहीं देखा है, लेकिन ऐसा लगता है कि यहां काफी रन बनेंगे.

भारत को रोकने का तरीका बताया

भारतीय बल्लेबाजी लाइनअप की ताकत को स्वीकार करते हुए सैंटनर ने कहा कि भारत शुरुआत से ही आक्रामक खेल सकता है और अंत तक उसी अंदाज में खेलता है. उनके मुताबिक भारत को रोकने का सबसे अच्छा तरीका शुरुआती विकेट लेना है. उन्होंने कहा, “भारत शुरुआत से ही तेजी से रन बना सकता है और अंत तक उसी अंदाज में खेल सकता है उन्हें रोकने का एकमात्र तरीका है कि आप शीर्ष क्रम के विकेट जल्दी लें.

फाइनल और द्विपक्षीय सीरीज में फर्क

सैंटनर ने कहा कि विश्व कप फाइनल किसी भी द्विपक्षीय सीरीज से बिल्कुल अलग होता है. उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने पिछले मुकाबलों से काफी कुछ सीखा है, लेकिन फाइनल का दबाव और माहौल अलग ही होता है.

लक्ष्य – ट्रॉफी जीतना

न्यूजीलैंड के कप्तान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें ट्रॉफी जीतने से कोई परहेज नहीं है, भले ही इसके लिए कुछ दिल तोड़ने पड़ें.  उन्होंने कहा, “हम पूरे टूर्नामेंट में काफी लगातार प्रदर्शन करते आए हैं मुझे ट्रॉफी जीतने में कोई दिक्कत नहीं है, भले ही हमें कुछ दिल तोड़ने पड़ें.

भारतीय दर्शकों के दबाव की बात

सैंटनर ने यह भी माना कि घरेलू मैदान पर खेलने की वजह से भारतीय टीम पर दबाव भी काफी ज्यादा होगा.  उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य दर्शकों को शांत करना होगा लेकिन क्रिकेट में कई तरह की चुनौतियां होती हैं मुझे लगता है कि भारत पर अपने घर में जीतने का काफी दबाव होगा.

टीम का फोकस सिर्फ फाइनल पर

कीवी कप्तान ने कहा कि टीम का पूरा ध्यान सिर्फ फाइनल मैच पर है और खिलाड़ी प्रक्रिया पर भरोसा रखते हुए मैदान में उतरेंगे. उनके मुताबिक विश्व कप में कई बार खिलाड़ी लंबे समय तक घर नहीं जा पाते, लेकिन इस समय सबसे जरूरी चीज फाइनल पर ध्यान बनाए रखना है. सैंटनर के इन बयानों से साफ है कि न्यूजीलैंड की टीम पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरने वाली है.  अब देखना यह होगा कि फाइनल के दबाव में कौन सी टीम बेहतर प्रदर्शन कर पाती है और विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम करती है.



Source link