छतरपुर जिला मुख्यालय से महज 3-4 किलोमीटर की दूरी पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के महोबा रोड स्थित काली देवी तिगड्डा के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मारकर रौंद दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ड्राइवर और उसका स्टाफ वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर घायल युवक करीब 35 से 40 मिनट तक सड़क किनारे तड़पता रहा, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद एम्बुलेंस और डायल-112 मौके पर नहीं पहुंच सकीं। स्थानीय लोगों ने कई बार मदद के लिए फोन किया, लेकिन समय पर कोई सहायता नहीं मिल सकी, जिससे आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए। फोरलेन निर्माण में लगा डंपर बना हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार सागर-कानपुर फोरलेन सड़क निर्माण कार्य में लगा डंपर (क्रमांक GJ 02 Z 6409) महोबा रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान गढ़ीमलहरा की ओर से आ रहे काले रंग की पल्सर बाइक सवार को डंपर ने टक्कर मार दी और उसे रौंदते हुए निकल गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और लगातार पुलिस व एम्बुलेंस को कॉल किए जाते रहे, लेकिन काफी देर तक कोई मदद नहीं पहुंची। राहगीरों ने दिखाई मानवता
करीब 40 मिनट इंतजार के बाद गढ़ीमलहरा की ओर से आ रही बोलेरो (UP 95 D 5382) के चालक देवकी तिवारी निवासी मातोल ने वाहन रोककर घायल युवक को देखा। उन्होंने लोगों से कहा कि युवक की सांस चल रही है और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाना जरूरी है। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मिलकर घायल को बोलेरो में बैठाया और जिला अस्पताल के लिए रवाना किया। घायल को अस्पताल पहुंचाने में गढ़ीमलहरा थाने के मुंशी ओमप्रकाश रैकवार, एडवोकेट प्रमोद तिवारी (खिरवा), पप्पू रैकवार, साहब सिंह बुंदेला निवासी खोंपा और संदीप चौरसिया ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
घायल युवक को जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उसका उपचार कर रहे हैं। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल की पहचान अनिल अहिरवार निवासी ग्राम बर्रोई-सेंवड़ी, थाना महाराजपुर के रूप में हुई है।
Source link