Multilayer Farming Tips. जनसंख्या बढ़ने के साथ जमीन की कीमत बढ़ती जा रही है. अब गांव में किसानों के पास भी बड़ी जोत बेहद कम देखने को मिलती है. ज्यादातर किसानों के पास खेती के लिए कम जमीन होती है. लेकिन, आधुनिक खेती के तहत किसान अब छोटी जगह में भी लाखों की सब्जी उगा सकते हैं. इसके लिए किसान को 10 हजार रुपए लगाने होंगे.
दरअसल, मल्टी लेयर फार्मिंग से कम जगह में, कम पैसे में सब्जियां उगा सकते हैं. छतरपुर में नौगांव कृषि विज्ञान केंद्र में पदस्थ डॉ. कमलेश अहिरवार लोकल 18 को बताया कि मल्टीलेयर फार्मिंग की मदद से आप छोटी सी जगह पर ज्यादा मात्रा में पैदावार ले सकते हैं. इसमें आप एक ही जगह पर कई फसलें उगा सकते हैं. इससे कम जमीन वाले किसानों को ज्यादा फायदा मिल सकता है.
एक ही जगह पर चार फसलों की खेती
डॉ. कमलेश बताते हैं कि देश में कृषि योग्य उपजाऊ जमीन की कमी और कृषि उत्पादों की भारी डिमांड को देखते हुए मल्टीलेयर फार्मिंग तकनीक विकसित की गई है. जैसा कि इसके नाम से ही पता चलता है कि मल्टीलेयर फार्मिंग खेती ऐसी तकनीक है, जिसमें एक ही जगह पर एक ही समय में कई तरह की खेती की जाती है. इसके लिए आपको पहले ऐसी फसल को बोना चाहिए जो जमीन के अंदर उगती है. उसके बाद ऐसी फसलें बोई जाती हैं जो जमीन के कम ऊपर तक आएं, फिर और अधिक ऊंची फसलें बोई जाती हैं.
खेती की लागत में आएगी कमी
इस तकनीक से खेती करने पर खेती की कुल लागत काफ़ी हद तक कम की जा सकती है. इससे पानी की खपत भी काफ़ी कम हो जाती है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इस खेती में 70 फीसदी तक पानी की बचत होती है. इसमें आप एक जगह पर जितनी फसलों की खेती करते हैं, उन सभी के लिए अलग-अलग सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ती है. आप एक ही बार में सभी फसलों को पानी दे सकते हैं. वहीं, इस कृषि में उतनी ही खाद डालनी पड़ती है, जितनी एक फसल के लिए जरूरी है. अन्य को पोषक तत्व फसलों से एक-दूसरे को आपस में ही मिल जाते हैं.
कई गुना तक उत्पादन और मुनाफा
मल्टीलेयर फार्मिंग उन छोटे और मध्यमवर्गीय किसानों के लिए बेहद फायदेमंद है, जिनके पास खेती के लिए जमीन कम होती है. वो एक साथ कई अलग-अलग फसलों की खेती एक ही जगह पर कर सकते हैं. इस तकनीक की मदद से खेती की लागत कम हो जाती है. वहीं, पैदावार और मुनाफा कई गुना तक बढ़ जाता है.
प्लॉट की छोटी सी जगह में भी संभव
एक्सपर्ट्स डॉ. कमलेश के मुताबिक, अगर कोई किसान मल्टी लेयर फार्मिंग करना चाहते है तो उसे 30 बाई 30 की छोटी सी जगह पर इसकी शुरुआत करनी चाहिए. छोटी सी जगह में 10 हजार ही खर्च आता है. वहीं उसे 6 महीने में 20 से 30 हजार रुपए का मुनाफा हो जाता है. आप साल भर में प्लाट की जगह में सब्जी लगाकर आसानी से 50 हजार रुपए से भी ज्यादा कमा सकते हैं.
ऐसे लगाएं सब्जी
कृषि एक्सपर्ट बताते हैं कि मल्टी लेयर फार्मिंग में नीचे आप टमाटर, बैंगन, मिर्च जैसी सब्जियां लगा सकते हैं. वहीं मचान या मंडा बनाकर ऊपर कद्दू वर्गीय सब्जियां जैसे करेला, गिल्की, लौकी और कद्दू की बेल ऊपर चढ़ा सकते हैं. इससे कम जगह में ही नीचे और ऊपर सब्जियां मिलेंगी.
भविष्य है मल्टी लेयर फार्मिंग
एक्सपर्ट बताते हैं कि कि दिन-प्रतिदिन जमीन बंट रही है. जोत की आकार कम हो रही है, इसलिए मल्टी लेयर फार्मिंग की ओर किसान भाइयों को जाना चाहिए. मल्टी लेयर फार्मिंग घर के गार्डन में भी संभव है. इसमें सबसे ज्यादा जरूरत सहारे की होती है.