कटनी जिले में कोयले से भरी एक मालगाड़ी, जो गुजरात के बड़ोदरा की ओर जा रही थी, अचानक हादसे का शिकार हो गई। इसके कई वैगन पटरी से उतरकर पलट गए। हादसे के कारण रेलवे ट्रैक के कई हिस्सों को नुकसान पहुंचा है, जिससे कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। पश्चिम मध्य रेलवे ने बुलेटिन जारी कर कुछ ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए हैं, जबकि कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। बताया जा रहा है कि पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल में न्यू कटनी जंक्शन के ए-केबिन यार्ड के पास आज सुबह करीब 10:30 बजे यह मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसी वजह से हावड़ा–जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस शनिवार को लगभग साढ़े चार घंटे देरी से शाम को मुख्य स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन के रैक का रखरखाव जबलपुर में होता है। साफ-सफाई और तकनीकी जांच में समय लगने के कारण जबलपुर–हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस को रीशेड्यूल करना पड़ा। यह ट्रेन लगभग साढ़े तीन घंटे की देरी से शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि करीब दो बजे रवाना होगी। जबलपुर से शहडोल और सिंगरौली के बीच चलने वाली अन्य यात्री ट्रेनें भी आंशिक रूप से प्रभावित रहीं। वहीं, मुड़वारा होकर संचालित सागर–शहडोल रेलखंड की कुछ यात्री ट्रेनों को ग्रेड सेपरेटर के रास्ते गंतव्य के लिए रवाना किया गया। मार्ग परिवर्तित रेलगाड़ी गाड़ी संख्या 12823 दुर्ग-निजामुद्दीन छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, जो 07.03.2026 को अपने प्रारंभिक स्टेशन दुर्ग से रवाना हुई, अब परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन झालवारा-एनकेजे-मझगवां फाटक ग्रेड सेपरेटर मार्ग से होकर अपने गंतव्य की ओर जाएगी। शॉर्ट टर्मिनेट/शॉर्ट ओरिजिनेट रेलगाड़ियां गाड़ी संख्या 61604 बरगवां–कटनी मेमू ट्रेन को 07.03.2026 को कटंगी खुर्द रेलवे स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। यानी यह ट्रेन कटंगी खुर्द से कटनी के बीच आंशिक रूप से निरस्त रहेगी। गाड़ी संख्या 61603 कटनी–बरगवां मेमू ट्रेन 08.03.2026 को कटंगी खुर्द रेलवे स्टेशन से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी। यानी यह ट्रेन कटनी से कटंगी खुर्द के बीच आंशिक रूप से निरस्त रहेगी। नर्मदा, अंबिकापुर इंटरसिटी भी लेट आई रेलवे ने नर्मदा एक्सप्रेस, जबलपुर-सिंगरौली इंटरसिटी, अंबिकापुर-जबलपुर इंटरसिटी ट्रेन को कटनी जंक्शन होकर चलाया गया। अंबिकापुर-जबलपुर इंटरसिटी लगभग पौने दो घंटा विलंब से जबलपुर पहुंची। बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस लगभग डेढ घंटा विलंब से जबलपुर आई। जबलपुर से जाने वाली अंबिकापुर इंटरसिटी कटनी साउथ की जगह कटनी जंक्शन-एनकेजे होकर गई। नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस लगभग दो घंटा विलंब से जबलपुर से गंतव्य को प्रस्थान की। कटनी ग्रेड सेपरेटर से गई ये ट्रेनें कटनी मुड़वारा होकर संचालित होने वाली दो ट्रेनों को ग्रेड सेपरेटर से चलाया गया। इसमें ट्रेन क्रमांक 12823 दुर्ग-निजामुद्दीन छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और ट्रेन 18009 संतरागाछी-अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस शामिल है। तीन मेमू ट्रेनें शार्ट टर्मिनेट की गई कटनी से संचालित होने वाली तीन मेमू ट्रेनों को शार्ट टर्मिनेट किया गया। जिसमें ट्रेन क्रमांक 61603 कटनी-बरगवां मेमू रविवार को कटंगी खुर्द रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होगी। कटनी से कटंगी खुर्द के बीच आंशिक निरस्त रहेगी। ट्रेन क्रमांक 68748 कटनी-बिलासपुर मेमू और कटनी-चिरमिरी कटनी मेमू शनिवार को झलवारा से कटनी के मध्य निरस्त रही। पटरी उखड़ी, डिब्बों के पहिए इधर-उधर बिखरे बताया जा रहा है कि मालगाड़ी छत्तीसगढ़ से कोयला लेकर गुजरात के बड़ोदरा की ओर जा रही थी। ट्रेन कटनी जिले के बाबा घाट स्थित ए-केबिन के पास पहुंची ही थी कि अचानक उसके कई वैगन पटरी से उतरकर पलट गए। हादसे के कारण रेलवे ट्रैक के कई हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। कई जगह पटरी उखड़ गई, जबकि कुछ डिब्बों के पहिए पटरी से अलग होकर आसपास बिखर गए। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। टीम ने राहत और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त कर रेल यातायात सामान्य करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। दुर्घटना के कारण इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। कुछ ट्रेनों को रोका गया है, जबकि कुछ को वैकल्पिक मार्ग से भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
Source link