Light Trap. अगर आप किसान हैं और अपनी फसलों में लगने वाले कीटों से परेशान हैं तो हम आपको एक ऐसे यंत्र के बारे में बताने जा रहे, जिसे किसान भाई खुद ही बना सकते हैं. ये कीट यंत्र कम खर्च में किसान बना सकते हैं. आइए कृषि एक्सपर्ट से इसके बारे में जानते हैं.
कीटों से परेशान रहते किसान
नौगांव कृषि विज्ञान केंद्र में पदस्थ कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर कमलेश अहिरवार लोकल 18 से बातचीत में बताते हैं कि किसान भाई सबसे ज्यादा कीटों से परेशान होते हैं. क्योंकि ये कीट सभी तरह की फसलों में आते हैं. चाहे सब्जियों की फसल हो या मूंग उड़द गेहूं हो, फूलों की खेती हो या बगीचा हो. ये कीट आपको हर जगह देखने को मिल जाएंगे. हालांकि, इसका किसान भाई घर बैठे देसी जुगाड़ से उपाय भी कर सकते हैं. ये देसी जुगाड़ बहुत सस्ता भी होता है.
लाइट ट्रैप में फंस जाते हैं कीट
डॉक्टर कमलेश अहिरवार बताते हैं कि कीटों से बचाने के लिए लाइट ट्रैप या प्रकाश प्रपंच नाम का कीट यंत्र लगाया जाता है. जिसमें कीट आते हैं और यहीं फंसकर मर जाते हैं. हमारे नौगांव कृषि विज्ञान केंद्र में ये कीट यंत्र लगा हुआ है. किसान भाई आकर विजिट कर सकते हैं.
क्या है कीट यंत्र?
कीट यंत्र (लाइट ट्रैप या प्रकाश प्रपंच) एक पर्यावरण-अनुकूल और सस्ती तकनीक है, जो रात में सक्रिय हानिकारक कीटों को प्रकाश की ओर आकर्षित कर, उनके नीचे रखे पानी व कीटनाशक के मिश्रण में डुबोकर नष्ट करती है. यह हानिकारक रसायनों के उपयोग को कम कर, धान, सोयाबीन, गन्ना, फल-सब्जी और बागवानी वाली फसलों को फल छेदक, तना छेदक और इल्लियों से बचाने का बेहतरीन तरीका है.
दो प्रकार का होता लाइट ट्रैप
डॉ. कमलेश बताते हैं कि प्रकाश प्रपंच दो प्रकार का होता है. पहला सोलर से चलने कीट यंत्र वहीं दूसरा इलेक्ट्रिक कीट यंत्र होता है, जहां सोलर कीट यंत्र बैटरी से चलता है, जो ऑटोमेटिक ही रात में ऑन हो जाता है और दिन में बंद हो जाता है. वहीं इलेक्ट्रिक कीट यंत्र में बल्ब चालू करना होता है. रात्रि में उड़ने वाले कीट नीचे पानी में आकर गिर जाते हैं.
जानवरों से भी सुरक्षा
प्रकाश प्रपंच यंत्र (लाइट ट्रैप) कीट पतंगों और जानवरों से फसल की रक्षा करता है. लाइट ट्रैप के पास कीट पतंगें आकर्षित होकर आते हैं और एक सुराख के जरिये भरे गए पानी में गिरकर डूब जाते हैं. इसका प्रकाश इतना तेज होता है कि मवेशी व जंगली जानवर भी खेत के नजदीक नहीं आते हैं.
घर पर बनाएं सस्ता कीट यंत्र
डॉ कमलेश बताते हैं कि किसान भाई घर में भी इसे बना सकते हैं. इसके लिए पहले एक बल्ब खरीदना है, जिसे खेत में लगा देना है. इस बल्ब के नीचे तसला या ड्रम रख देना है. उड़ने वाले कीट पानी में गिर जाएंगे. रात्रि में उड़ने वाले जो कीट होते हैं. वह एडल्ट मेल या फीमेल होते हैं. ये सभी पानी में आकर गिर जाते हैं. जिससे इनकी जनरेशन को कंट्रोल किया जा सकता है.
बाजार से भी खरीद सकते हैं लाइट ट्रैप
सस्ते लाइट ट्रैप का निर्माण बहुत ही आसान है. प्लास्टिक के डिब्बे में दो छेदकर उसमें बैट्री लगाकर दो बल्ब लगा दिए जाते हैं. प्रकाश के आकर्षण से कीट इसके भीतर आते हैं और तल में पड़े पानी में डूबकर मर जाते हैं. इस यंत्र को किसी भी कृषि यंत्र विक्रेता के यहां से खरीदा जा सकता है.