Last Updated:
मध्य प्रदेश के सागर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां गढ़ाकोटा क्षेत्र में हत्या के आरोपी चोरी के लिए खेत में घुसे. इसके बाद उन्होंने 70 साल के बुजुर्ग के साथ मारपीट की और फिर उसके बेटे के सामने सीने में चाकू मार दिया.
सागर के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के ग्राम कुमरई में खेत में पानी देने गए वृद्ध किसान की हत्या कर दी गई. हत्या के आरोपी खेत में लगी स्प्रिंकलर नोजल(सिंचाई पंप) चुराने के लिए आए थे. मौके पर पिता को बचाने पहुंचे बेटे के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और फरार हो गए. वारदात सामने आते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है.
पुलिस के अनुसार कुमरई निवासी 70 साल के श्यामलाल कुर्मी अपने खेत पर देर रात करीब 12 बजे पानी देने के लिए गए थे. जहां आराम करने के लिए वह लेट गए. इसी दौरान अज्ञात बदमाश खेत पर पहुंचे. आहट आने पर वह जाग गए. इसी दौरान आरोपियों ने श्यामलाल को पकड़ लिया और मारपीट करने लगे. तभी पड़ोस के खेत से गुजर रहे युवक ने श्यामलाल के बेटे महेश कुर्मी को मामले की सूचना दी.
चाकू मारकर मौके से फरार हो गए आरोपी
महेश कुर्मी तत्काल खेत पहुंचा. जहां देखा कि 5 से 6 बदमाश पिता श्यामलाल को पकड़कर गंगाजोर की ओर लेकर जा रहे थे. इसके बाद उसने उनका पीछा किया. उन्होंने रास्ते में श्यामलाल के साथ मारपीट की और छाती पर चाकू मार दिया. बीच बचाव करने के लिए महेश पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की. आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
वारदात में गंभीर घायल श्यामलाल को गढ़ाकोटा अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान सुबह मौत हो गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया. शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया. घटनास्थल पर पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ पहुंचकर आरोपियों से जुड़े साक्ष्य जुटाए.
महेश को गांव के लड़के ने फोन करके बताई घटना
महेश कुर्मी की शिकायत पर अज्ञात 6 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच में लिया है. मृतक के बेटे महेश ने बताया कि मुझे गांव के लड़के ने फोन लगाकर बताया था कि तुम्हारे खेत पर शोर हो रहा है. मैं तत्काल खेत पर पहुंचा, तो देखा कुछ लोग पिताजी को पकड़े हैं और मारपीट कर रहे हैं.
पुलिस ने दर्ज कर लिया मामला
एसडीओपी प्रकाश मिश्रा ने बताया कि कुमरई गांव में 70 वर्षीय किसान की खेत में हत्या की गई है. शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं. वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.