शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना पुलिस ने एक व्यापारी के गोदाम से सरसों चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी की गई 35 कट्टे सरसों (लगभग 15 क्विंटल 75 किलो) तथा वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। जब्त सरसों की कीमत करीब 95 हजार रुपए बताई गई है। बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि पुरानी अनाज मंडी बैराड़ निवासी फरियादी तरुण गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 28 फरवरी को उनके गोदाम में लगभग 100 क्विंटल सरसों रखी थी। 1 मार्च को गोदाम का ताला टूटा मिला और उसमें से 35 कट्टे सरसों चोरी हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गोदाम का ताला तोड़ की थी चोरी
एसपी अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच की। जांच में सामने आया कि फरियादी के यहां काम करने वाले दीपक कुशवाह, साहब सिंह कुशवाह और रामकिशन कुशवाह, जो कालामढ़ बैराड़ के निवासी हैं, ने ही इस चोरी को अंजाम दिया था। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग कर गोदाम का ताला तोड़ा था। पुलिस ने आरोपियों के खेत पर दबिश दी और तीनों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से ट्रॉली में भरी हुई 35 कट्टे सरसों भी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कई वर्षों से व्यापारी के यहां काम कर रहे थे और इसी का फायदा उठाकर उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। होली के कारण वे चोरी की सरसों बेच नहीं पाए थे। हत्या की कोशिश करने वाले चार अरेस्ट
एक अन्य घटनाक्रम में, शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट के मामले में शनिवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने जानकारी दी कि 3 मार्च को अरविंद लोधी, शत्रु लोधी, गड्डू लोधी और राजेश लोधी निवासी खोराना ने दिलीप आदिवासी, बलवीर आदिवासी और नातीराजा आदिवासी के साथ पत्थरों से मारपीट की थी। हमले में पीड़ितों को गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने पीड़ितों को जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Source link