नई दिल्ली. भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का महामुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज रविवार को खेला जाएगा. यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है.जहां 190 प्लस का स्कोर भी सुरक्षित नहीं होगा. भारत की संभावित इलेवन में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करेंगे, जबकि न्यूजीलैंड फिन एलन और सेंटनर की कप्तानी में अपना पहला खिताब जीतने उतरेगा. दुनिया की नंबर-1 टीम और डिफेंडिंग चैंपियन भारत का सामना ‘ब्लैककैप्स’ यानी न्यूजीलैंड से होगा. एक तरफ टीम इंडिया अपना खिताब बचाने के इरादे से उतरेगी, तो दूसरी तरफ न्यूजीलैंड अपने पहले टी20 वर्ल्ड कप खिताब की तलाश में है.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच इस पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग साबित हुई है. यहां 190 से ज्यादा का स्कोर बनना आम बात हो गई है. हाल ही में दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के 176 रनों के लक्ष्य को महज एक विकेट खोकर हासिल कर लिया था. अगर पिच के मिजाज में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ, तो फाइनल में अहमदाबाद में चौकों-छक्कों की बरसात तय है.
भारत न्यूजीलैंड फाइनल में इन 11 खिलाड़ियों को उतार सकते हैं.
रिकॉर्ड्स और अनुभव का दम
भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल का टिकट कटाया है. टीम के लिए सबसे बड़ी ताकत जसप्रीत बुमराह की फॉर्म है, जिन्होंने हाल ही में 500 अंतरराष्ट्रीय विकेटों का जादुई आंकड़ा पार किया है. वहीं, संजू सैमसन धोनी के ‘हजारी’ क्लब में शामिल होने से महज 1 रन दूर हैं. कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में भारत ने जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड को हराकर अपनी बादशाहत साबित की है.
इतिहास बदलने को बेताब
न्यूजीलैंड की टीम हमेशा से भारत के लिए आईसीसी इवेंट्स में बड़ी बाधा रही है. कीवियों ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है. फिन एलन और टिम साइफर्ट की सलामी जोड़ी इस समय दुनिया के किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने का माद्दा रखती है. कप्तान मिशेल सेंटनर के पास स्पिन का वो चक्रव्यूह है जिसमें भारतीय दिग्गज अक्सर फंसते रहे हैं.
30 बार टी20 में आमने सामने हुए हैं भारत और न्यूजीलैंड
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 क्रिकेट का इतिहास बेहद रोमांचक रहा है. दोनों टीमें अब तक 30 बार आमने-सामने आई हैं, जहां भारत ने 16 वहीं कीवी टीम ने 11 में जीत दर्ज की है. आईसीसी टूर्नामेंट्स में कीवियों का पलड़ा भारी रहा है, लेकिन हालिया फॉर्म में टीम इंडिया का दबदबा है.
भारत बनाम न्यूजीलैंड वेदर रिपोर्ट
अहमदाबाद में रविवार को मौसम पूरी तरह साफ रहेगा. बारिश की 0% संभावना है, जिसका मतलब है कि प्रशंसकों को बिना किसी बाधा के पूरे 40 ओवर का रोमांच देखने को मिलेगा। शाम को ओस (Dew) की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है, जो टॉस जीतने वाली टीम के लिए गेंदबाजी को चुनौतीपूर्ण बना देगी.
संभावित प्लेइंग-XI (Probable XIs)
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती.
न्यूजीलैंड: टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जैकब डफी, मिशेल सेंटनर (कप्तान), कोल मैककोन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन.