5 खिलाड़ी जो चले तो फाइनल कर देंगे खत्म, भारत-न्यूजीलैंड का मैच होगा एकतरफा

5 खिलाड़ी जो चले तो फाइनल कर देंगे खत्म, भारत-न्यूजीलैंड का मैच होगा एकतरफा


Last Updated:

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने उतरेगी. अहमदाबाद में भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है लेकिन इस बात सूर्यकुमार यादव की टीम इतिहास बदलना चाहेगी. मैच में दोनों टीम के कुल 5 खिलाड़ी ऐसे हैं जिनके ऊपर नजर रहेगी.

विश्व नंबर 1 टी20 टीम भारत आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड का सामना करेगी. इस साल की टूर्नामेंट की दो सबसे बेहतरीन टीमों के बीच मुकाबला दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में रोमांचक होने की उम्मीद है.

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई, जब उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड को 7 रन से हराया. दूसरी ओर, कीवी टीम ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में बुधवार, 4 मार्च को पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई.

न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में 170 रन का लक्ष्य सिर्फ 12.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया था. रविवार, 8 मार्च को मिचेल सैंटनर की टीम मेजबान भारत के खिलाफ 100000 से ज्यादा दर्शकों के सामने वही प्रदर्शन दोहराना चाहेगी. दोनों टीमों के कई खिलाड़ी इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं और टूर्नामेंट के सबसे बड़े मैच में वे ऐसा प्रदर्शन करना चाहेंगे जिससे उनकी टीम चैंपियन बन सके.

Add News18 as
Preferred Source on Google

फिन एलन न्यूजीलैंड के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. आठ मैचों में एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से उन्होंने कुल 289 रन बनाए हैं. कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में 26 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज ने ब्लैक कैप्स के लिए टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे तेज शतक (33 गेंदों में) लगाया और फाइनल में भी कीवी टीम को उनसे बड़ी उम्मीदें होंगी. उनका स्ट्राइक रेट 203.52 है, जो इस टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा है.

अगर कीवी टीम के पास एलन हैं, तो भारत के पास संजू सैमसन हैं. केरल के 31 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज इन दिनों जबरदस्त फॉर्म में हैं. पिछले दो मैचों में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 गेंद में नाबाद 97 रन और इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 42 गेंद में 89 रन बनाए. संजू ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 201.73 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है. वो एलन के बाद दूसरे नंबर पर है. उन्होंने एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है. अगर संजू फाइनल में भी बल्ले से बड़ा प्रदर्शन करते हैं, तो कीवी टीम के लिए भारत को हराना और पहली बार वर्ल्ड कप जीतना लगभग नामुमकिन होगा.

जसप्रीत बुमराह ही वह वजह हैं, जिनकी बदौलत भारत टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा है. अहमदाबाद के 32 वर्षीय तेज गेंदबाज, जिन्हें अब तक का सबसे बेहतरीन पेसर माना जाता है, ने इंग्लैंड के खिलाफ चार ओवर में सिर्फ 33 रन दिए, जबकि इंग्लैंड ने 254 रन के लक्ष्य के जवाब में 246 रन बनाए. फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ बुमराह के चार ओवर एक बार फिर मैच का परिणाम तय करेंगे.

ऑलराउंडर रचिन रविंद्र ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी ऑलराउंड परफॉर्मेंस से सबको प्रभावित किया है और इसी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड के लिए नामांकित किया गया है. इस साल के टूर्नामेंट में भले ही रचिन ने अपनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की प्रतिष्ठा के अनुसार रन नहीं बनाए, लेकिन गेंदबाजी में 11 विकेट लेकर सबको चौंका दिया है. 26 साल के खिलाड़ी को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलने की अच्छी यादें हैं (उन्होंने अक्टूबर 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ यहां अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप शतक लगाया था) और रविवार को एक बार फिर वह ऐसा प्रदर्शन करना चाहेंगे जिससे उनकी टीम पहली बार वर्ल्ड कप जीत सके.

हार्दिक पंड्या भारत के टी20आई में सबसे अहम खिलाड़ी हैं और उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक आठ मैचों में 199 रन और 8 विकेट लेकर उम्मीदों पर खरा उतरने का काम किया है. वडोदरा के इस खिलाड़ी को बड़े मैचों का खिलाड़ी माना जाता है.  फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार्दिक बल्ले और गेंद दोनों से मेजबान टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे.

एलन, सैमसन, बुमराह, रचिन और पंड्या के अलावा वरुण चक्रवर्ती, ग्लेन फिलिप्स, ईशान किशन और फॉर्म से बाहर चल रहे अभिषेक शर्मा भी ऐसे खिलाड़ी हैं जिन पर नजर रहेगी.



Source link