धार जिले की जेतपुरा ग्राम पंचायत में 1 करोड़ 83 लाख रुपए की लागत से बनी पानी की टंकी की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। टंकी की जर्जर हालत और लगातार पानी के रिसाव को लेकर मीडिया में खबरें प्रकाशित होने के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग हरकत में आया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) द्वारा निर्मित यह टंकी वर्ष 2022 में बनी थी और इसका संचालन 2023 में शुरू हुआ था। कुछ ही समय में टंकी में दरारें पड़ने लगीं और चारों ओर से पानी का रिसाव होने लगा। इससे टंकी की नींव और पिलर कमजोर पड़ गए थे, जिससे आसपास रहने वाले हजारों लोगों में भय का माहौल था। पीएचई की एक टीम मौके पर पहुंची
दैनिक भास्कर डिजिटल पर खबर प्रकाशित होने के बाद शनिवार को पीएचई विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने टंकी की मरम्मत का काम शुरू किया। विभाग ने रिसाव वाले स्थानों पर विशेष केमिकल और अन्य सामग्री का उपयोग कर लीकेज को बंद किया। साथ ही, क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों को भी बदला गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से शिकायतें करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। दैनिक भास्कर की खबर के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। फिलहाल टंकी से होने वाला पानी का रिसाव नियंत्रित कर लिया गया है और जल आपूर्ति को व्यवस्थित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टालने के लिए टंकी की नियमित जांच और मजबूती के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
Source link