प्रसूता को घर छोड़ने जननी एक्सप्रेस ने मांगे 500 रुपए: 3 घंटे तक फेल रही 108 सेवा; पति ने कलेक्टर से की शिकायत – Satna News

प्रसूता को घर छोड़ने जननी एक्सप्रेस ने मांगे 500 रुपए:  3 घंटे तक फेल रही 108 सेवा; पति ने कलेक्टर से की शिकायत – Satna News




सतना के जिला अस्पताल में सरकारी एंबुलेंस सेवा (जननी एक्सप्रेस) की बड़ी लापरवाही और अवैध उगाही का मामला सामने आया है। प्रसूता को अस्पताल से घर छोड़ने के एवज में एंबुलेंस चालकों द्वारा खुलेआम 500 रुपए की रिश्वत मांगी गई। परेशान पति ने अस्पताल परिसर में ही मौजूद कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस को देखते ही उनसे सीधे शिकायत कर दी, जिसके बाद उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के सख्त आदेश दे दिए हैं। जानकारी के अनुसार, कुआं सोहास निवासी जोगेन्द्र माझी की पत्नी राधा मांझी को 5 मार्च को प्रसव के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार (7 मार्च) को छुट्टी मिलने के बाद घर जाने के लिए जोगेन्द्र ने 108 एंबुलेंस सेवा पर कॉल किया। करीब तीन घंटे तक 108 कॉल सेंटर से कोई एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाई और अंत में जवाब मिला कि सभी गाड़ियां व्यस्त हैं। परेशान होकर जब जोगेन्द्र ने अस्पताल के बाहर खड़ी जननी एक्सप्रेस (CG 04 NW 8756) के स्टाफ से बात की, तो एक ने 500 और दूसरे ने 300 रुपए मांगे। अंततः मजबूरी में 400 रुपए का भुगतान कर प्रसूता को सोहास ले जाया गया। कॉल सेंटर पर गाड़ियां ‘व्यस्त’, तो बाहर कैसे मिली एंबुलेंस?
इस पूरी घटना ने सरकारी सिस्टम की पोल खोल दी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कॉल सेंटर के मुताबिक डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल (DH) लोकेशन की सभी जननी एक्सप्रेस गाड़ियां व्यस्त थीं, तो दोपहर 3 बजे बिना कॉल सेंटर के संपर्क के ही प्रसूता को घर जाने के लिए अस्पताल के बाहर से दूसरी जननी एक्सप्रेस कैसे मिल गई? CMHO बोले- यह गंभीर लापरवाही, कंपनी से मांगेंगे जवाब
वर्तमान में सतना और मैहर जिले में कुल 34 जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस संचालित हैं। मामले के तूल पकड़ने और कलेक्टर के निर्देश के बाद, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मनोज शुक्ला ने स्पष्ट किया कि जननी एक्सप्रेस के स्टाफ द्वारा पैसों की मांग करना अत्यंत गंभीर लापरवाही और अपराध है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस पूरे मामले की सघन जांच कराई जाएगी और एंबुलेंस का संचालन कर रही संबंधित कंपनी के जिम्मेदारों से भी कड़ा जवाब-तलब किया जाएगा।



Source link