सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र में हाथियों के प्रवेश के बाद ग्रामीण इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन और बिजली विभाग ने एहतियात के तौर पर रविवार को 13 गांवों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी है। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। जंगल से सटे करीब 13 गांवों की बिजली बंद बिजली विभाग रामपुर नैकिन के ऑपरेटर अजय द्विवेदी ने बताया कि हाथियों की लगातार गतिविधि को देखते हुए जुड़ा नाला से घटोखर के बीच जंगल से सटे करीब 13 गांवों की बिजली बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें मल्देवा, पड़खुरी, कुड़िया, आमडांड़, बसेड़ी, लोढ़ौटा, झांझ और घटोखर सहित आसपास के अन्य गांव शामिल हैं। ग्रामीणों से अकेले जंगल न जाने की सलाह द्विवेदी ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और रात के समय अनावश्यक बिजली का उपयोग सीमित रखने की अपील की है, ताकि हाथी या अन्य जंगली जानवर गांवों की ओर आकर्षित न हों। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्थिति सामान्य रहने पर बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से या पूरी तरह बहाल की जा सकती है, लेकिन हाथियों की गतिविधि बढ़ने पर इसे तुरंत बंद कर दिया जाएगा। वन विभाग भी पूरे मामले पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। डिप्टी रेंजर राजनेश सिंह ने जानकारी दी कि हाथियों का दल पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार विचरण कर रहा है। यह दल पहले रामपुर नैकिन से मऊगंज की दिशा में गया था, लेकिन बाद में मार्ग बदलकर उसी इलाके में लौट आया है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है और उन्हें रिहायशी इलाकों में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास कर रही है।
Source link