बुजुर्ग की हत्या के आरोपी बिलाव से पकड़ाए: पुलिस के सामने बोले- नशे की हालत में कर दी वारदात, मुझसे गलती हो गई – Bhind News

बुजुर्ग की हत्या के आरोपी बिलाव से पकड़ाए:  पुलिस के सामने बोले- नशे की हालत में कर दी वारदात, मुझसे गलती हो गई – Bhind News




भिंड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के ग्राम बिलाव में 70 वर्षीय बुजुर्ग रामसिया यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद गांव छोड़कर भागने की फिराक में थे, लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने नशे की हालत में हत्या करना स्वीकार किया है। ऊमरी थाना पुलिस के अनुसार 3 मार्च 2026 को बिलाव गांव में 70 वर्षीय रामसिया यादव की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना उस समय हुई जब रामसिया यादव शाम के समय बीहड़ क्षेत्र में बकरी चरा रहे थे। गंभीर चोटों के कारण रामसिया यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी। मामले में फरियादी की शिकायत पर थाना ऊमरी में अपराध हत्या की धारा में दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक के निर्देशन तथा डीएसपी मुख्यालय दीपक तोमर के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। भागने की फिराक में थे आरोपी
6 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी गांव में ही आए हुए हैं और सामान लेकर भागने की फिराक में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को बिलाव गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी हरेंद्र यादव ने बताया कि वह अपने साथी के साथ नशे की हालत में जा रहा था और दोनों के बीच गाली-गलौज हो रही थी। उसी दौरान खेत के पास बकरी चरा रहे बुजुर्ग ने गाली देने पर आपत्ति जताई और बहस करने लगे। आरोपी के अनुसार बहस के दौरान उसे अपने पिता की पुरानी हत्या की घटना याद आ गई और उसने बुजुर्ग पर आरोप लगाया कि उसमें उनकी भूमिका थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और नशे की हालत में उसने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार कहता रहा कि उससे गलती हो गई और नशे में वारदात हो गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और डंडा भी बरामद कर लिया है। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के पिता प्रताप की हत्या करीब 15–20 वर्ष पहले हुई थी। उस मामले में कुछ लोगों को आरोपी बनाया गया था, लेकिन बाद में गवाह पलटने से आरोपियों को राहत मिल गई थी। पुलिस अब इस पुराने मामले से मौजूदा हत्या के संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी ऊमरी निरीक्षक शिव प्रताप सिंह, उप निरीक्षक वैभव तोमर, उप निरीक्षक अतुल भदौरिया, उप निरीक्षक मलखान सिंह और साइबर सेल टीम सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।



Source link