टीम इंडिया ने क्रिकेट के मैदान पर इतिहास रच दिया है। न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने न केवल टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। बल्कि तीसरी बार यह ट्रॉफी जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। इस ऐतिहासिक जीत का असर सागर की सड़कों पर साफ देखा गया। जहां क्रिकेट के जुनून ने रंगपंचमी के उल्लास को दोगुना कर दिया। सागर के रामपुरा वार्ड समेत शहर के विभिन्न हिस्सों में बड़ी स्क्रीन लगाकर फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण देखा गया। मैच के दौरान हर चौके-छक्के पर ढोल-नगाड़े गूंजते रहे। जैसे ही 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर न्यूजीलैंड की टीम 159 रनों पर ऑलआउट हुई, पूरा शहर आतिशबाजी से नहा उठा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई तिरंगा थामे भारत माता की जय के नारे लगाता नजर आया।
बस स्टैंड पर आतिशबाजी के साथ उड़ाई गुलाल
रहली बस स्टैंड पर क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। जीत की औपचारिक घोषणा होते ही यहां रंगपंचमी और विश्वकप की जीत का साझा जश्न शुरू हो गया। लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी और देर रात तक आतिशबाजी चलती रही। क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि रंगपंचमी के दिन भारत की इस जीत ने त्योहार की खुशी को दोगुना कर दिया। न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया
अहमदाबाद में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 159 रनों पर सिमट गई। भारत की इस 96 रनों की विशाल जीत ने प्रशंसकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
Source link