सिहोरा में फिर सांप्रदायिक लड़ाई का फर्जी वीडियो: कटनी के युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया, वायरल होते ही अरेस्ट – Jabalpur News

सिहोरा में फिर सांप्रदायिक लड़ाई का फर्जी वीडियो:  कटनी के युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया, वायरल होते ही अरेस्ट – Jabalpur News




जबलपुर के सिहोरा में पुराने हिंदू-मुस्लिम विवाद को फिर भड़काने के इरादे से सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो वायरल करने वाला कटनी का एक युवक पुलिस के चंगुल में फंस गया। बहोरीबंद थाना क्षेत्र के ग्राम पटना रोड निवासी 19 साल के अजय सिंह राजपूत पिता अनिल सिंह राजपूत को सिहोरा पुलिस ने धर दबोचा है। मामला 7 मार्च का है। स्थानीय निवासी शिवम कुमार श्रीवास ने थाना प्रभारी सिहोरा निरीक्षक प्रतीक्षा मार्को को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि इंस्टाग्राम पर किसी ने दूसरे स्थान का पुराना वीडियो पोस्ट किया। कैप्शन था- ‘सिहोरा में फिर शुरू हुई लड़ाई’। इससे सांप्रदायिक तनाव फैलाने की साजिश रची गई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। अपराध क्रमांक 159/26 के तहत धारा 66D आईटी एक्ट और 223 बी BNS दर्ज की। विशेष टीम गठित कर इंस्टाग्राम आईडी ट्रेस की। मुखबिरों और साइबर सेल की सूचना से अजय की पहचान हुई। 8 मार्च को उसे गिरफ्तार कर मोबाइल फोन जब्त किया गया। JMFC सिहोरा की अदालत में पेश कर रिमांड लिया। बता दें, 19 फरवरी को सिहोरा के एक मंदिर में तेज साउंड सिस्टम को लेकर हिंदू-मुस्लिम समुदायों के लोग भिड़ गए थे। उस घटना का जिक्र कर फर्जी वीडियो बनाया गया। थाना प्रभारी ने कहा, “जबलपुर रेंज पुलिस सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रख रही है। “पुलिस ने आम लोगों से अपील की- भड़काऊ या फर्जी पोस्ट न डालें। कानून तोड़ा तो अजय की तरह सख्त कार्रवाई होगी। क्षेत्रवासियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।



Source link