आईसीसी की 2026 टी20 विश्व कप टीम का हुआ ऐलान, चार भारतीय को मिली जगह

आईसीसी की 2026 टी20 विश्व कप टीम का हुआ ऐलान, चार भारतीय को मिली जगह


नई दिल्ली: रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के चार खिलाड़ियों को आईसीसी की 2026 टी20 विश्व कप टीम में शामिल किया गया है. इस टीम शामिल होने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, ईशान किशन और हार्दिक पांड्या हैं. ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ सैमसन ने पांच पारियों में 321 रन बनाकर टीम में शामिल भारतीय चौकड़ी का नेतृत्व किया. सैमसन ने टूर्नामेंट की शुरुआत में भारतीय प्लेइंग इलेवन से बाहर रहकर की थी, लेकिन वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ टीम के लिए ‘करो या मरो’ जैसे मैचों में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार हासिल किया था.

सैमसन ने इसके बाद रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ 89 रन की पारी खेली, जो पुरुष टी20 विश्व कप फाइनल में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड है. किशन टूर्नामेंट में 317 रन के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में चौथे स्थान पर रहे. उन्होंने 193.29 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए टीम के शीर्ष क्रम को मजबूत किया. किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ पारी का आगाज करते हुए 77 रन बनाए. उन्होंने सुपर आठ चरण से तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सेमीफाइनल में इंग्लैंड और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतकीय पारियां खेलीं.

हार्दिक और बुमराह ने भी मचाया टीम इंडिया के लिए धमाल

पांड्या इस सूची में शामिल होने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं. इस हरफनमौला खिलाड़ी को बल्ले और गेंद दोनों से उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया है. उन्होंने बल्ले से दो अर्धशतक बनाए, जिनमें नामीबिया के खिलाफ 28 गेंदों में 52 रन की पारी भी शामिल है. उन्होंने इसके अलावा नौ विकेट भी लिए हैं. बुमराह टीम में शामिल चौथे भारतीय खिलाड़ी हैं, जिन्हें फाइनल में उनके शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.

बुमराह टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. उन्होंने आठ मैचों में 14 विकेट लिए. फाइनल में उन्होंने 15 रन देकर चार विकेट लिए और पूरे टूर्नामेंट में उनकी इकॉनमी 6.21 रही. पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे और उन्होंने कुल 383 रन बनाए. उनका औसत 76.60 रहा और इसमें श्रीलंका और नामीबिया के खिलाफ दो शतक शामिल हैं.

आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 की टीम:

1. साहिबजादा फरहान

2. संजू सैंसम (विकेटकीपर)

3. ईशान किशन

4. एडन मारक्रम (कप्तान)

5. हार्दिक पांड्या

6. विल जैक्स

7. जेसन होल्डर

8. जसप्रीत बुमराह

9. लुंगी एनगिडी

10. आदिल राशिद

11. ब्लेसिंग मुजरबानी

12वां खिलाड़ी: शैडली वैन शाल्कविक



Source link