Last Updated:
Shoaib Akhtar statement on team india t20 world cup victory: भारत के टी20 वर्ल्ड कप 2026 के चैंपियन बनने से पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर्स भी टीम इंडिया की तारीफ कर रहे हैं. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारतीय खिलाड़ियों के तारीफों की पुल बांधे हैं. उन्होंने खासकर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की खूब तारीफ की.
शोएब अख्तर ने जमकर की भारत की तारीफ.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में जिस दिलेरी के साथ खेला है और खिताब अपने नाम किया है, उसे देख पूरी दुनिया मुग्ध है. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी भारतीय क्रिकेट टीम, मैनेजमेंट, और कोच गंभीर की जमकर तारीफ की है. शोएब भारतीय टीम के प्रदर्शन और टीम मैनेजमेंट की योजना से बहुत खुश नजर आए. भारतीय टीम की जीत के बाद एक पाकिस्तानी चैनल के शो में विशेषज्ञ के रूप में मौजूद शोएब अख्तर ने कहा, ‘यह जीत भारत की नीति, सिस्टम और प्रतिभा की जीत है. गौतम गंभीर ने प्रतिभा का सम्मान किया. संजू सैमसन को टीम में लेकर आए और उसने कमाल कर दिया. वह ऐसा खिलाड़ी है जिसकी टॉप ऑर्डर में टीम को जरूरत थी.’
अभिषेक शर्मा की तारीफ की
उन्होंने कहा, ‘अभिषेक शर्मा अभी बच्चा है. उसे अभी काफी कुछ सीखना है, लेकिन सैमसन परिपक्व है. आज भारत की नीति जीती है. उन्होंने बताया है कि हम ठीक सोचते हैं और सही दिशा में सोचते हैं. हम सही लड़के को मौका देते हैं और कोशिश करते हैं कि लड़के ऊपर आकर खेलें और बेहतर करें.’ शोएब ने कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों के बिना विश्व कप जीतकर भारतीय टीम ने अपनी क्षमता साबित कर दी. उन्होंने कहा कि मेरे मुताबिक भारतीय क्रिकेट जिस ऊंचाई पर जा रही है, जितना पैसा वहां मैदान पर, ट्रेनिंग पर, मशीनों पर, खिलाड़ियों पर खर्च हो रहा है, उसका परिणाम बेहतर ही होना है.
शोएब अख्तर ने जमकर की भारत की तारीफ.
‘वनडे विश्व कप आज मिलता है तो आज ही ले लें’
अख्तर ने कहा, ‘भारत में सीनियर खिलाड़ियों को इज्जत दी जाती है. उन्होंने अपने तीनों विश्व विजेता कप्तानों (कपिल देव, एमएस धोनी और रोहित शर्मा) को बुलाया था, यह कितना सुंदर था. वे सभी जीत की खुशियां मना रहे हैं. भारत एक इकाई के रूप में विश्व कप जीत की खुशी मना रहा है. भारत को बहुत-बहुत मुबारक है. अगर 2027 का वनडे विश्व कप आज मिलता है तो आज ही ले लें.’ बता दें कि दक्षिण अफ्रीका में 2027 में वनडे विश्व कप होना है. रोहित शर्मा और विराट कोहली की भी वनडे विश्व कप में खेलने की पूरी संभावना है, जो टीम इंडिया को और ताकत देगी.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें