लालघाटी इलाके के सनसिटी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रविवार देर रात पारिवारिक विवाद के चलते दामाद द्वारा ससुराल में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दामाद चार अज्ञात लोगों के साथ घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया, जिसमें बेटे को चोट आई। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस को दी गई शिकायत में सनसिटी इंद्रप्रस्थ निवासी 61 वर्षीय शिवनारायण सिसोदिया ने बताया कि वे बीएसएनएल से सेवानिवृत्त हैं। रविवार रात करीब 11 बजे घर की डोरबेल बजी। वे अपने बेटे शुभम के साथ गेट पर पहुंचे तो सामने दामाद कमलसिंह खड़ा था। उनकी बेटी कोमल ने कमलसिंह के खिलाफ पहले से न्यायालय में केस लगा रखा है, इसी को लेकर वह गाली-गलौज करने लगा। बेटे को मारा, उंगली में आई चोट शिवनारायण के मुताबिक बेटे शुभम ने गाली देने से रोका तो कमलसिंह ने किसी वस्तु से उस पर हमला कर दिया। इससे उसके बाएं हाथ की उंगली में चोट लगी और खून निकलने लगा। शोर सुनकर बेटी कोमल भी बाहर आई और बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोप है कि कमलसिंह धमकी देते हुए चला गया कि अगर उसके खिलाफ रिपोर्ट की तो जान से खत्म कर देंगे। घटना को मोहल्ले के लोगों ने भी देखा। पीड़िता का आरोप: चार बदमाशों के साथ आया था पीड़िता कोमल ने बताया कि 8 मार्च को रात करीब 11:20 बजे वुमेन डे के दिन उसके पति चार अज्ञात बदमाशों के साथ घर में घुस आए। उनके पास चाकू, छुरी और डंडे थे। आरोप है कि सभी ने परिवार पर हमला करने की कोशिश की। कोमल का कहना है कि बदमाश जिस सफेद स्कॉर्पियो से आए थे, उसकी नंबर प्लेट पर ‘बीजेपी युवा मोर्चा’ लिखा हुआ था। घटना के बाद परिवार दहशत में है। कोमल ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link