मुरैना शहर के कोतवाली क्षेत्र की राठौर कॉलोनी में सीवर के गंदे पानी को लेकर सोमवार को हुए विवाद में कांग्रेस के पूर्व पार्षद और उनके परिवार पर पड़ोस में रहने वाली मां-बेटी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। स्थानीय महिलाओं ने बीच-बचाव कर पीड़ितों को बचाया। जानकारी के अनुसार, राठौर कॉलोनी में ऑक्सफोर्ड स्कूल वाली गली में सीवर लाइन चोक होने के कारण एक चैम्बर से गंदा पानी बाहर निकलकर पूर्व पार्षद के घर के पास जमा हो रहा था। इसी बात से नाराज होकर कांग्रेस के पूर्व पार्षद सन्नी उर्फ गौरव यादव, उनके पिता रमेश यादव और मां शीला यादव ने पड़ोसी महिला ममता यादव (45) और उसकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी नाव्या यादव के साथ सड़क पर मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि पहले ममता यादव के साथ मारपीट की गई। इसके बाद जब उन्हें बचाने के लिए उनके पति जितेंद्र यादव और बेटी पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। सीवर का गंदा पानी बना विवाद की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर निगम द्वारा सीवर लाइन का काम हाल ही में कराया गया है, लेकिन इसके बावजूद कई जगह सीवर लाइन चोक होने की समस्या सामने आ रही है। राठौर कॉलोनी में भी सीवर लाइन बंद होने के कारण गंदा पानी बाहर निकलकर सड़क और आसपास के घरों के सामने जमा हो रहा था। इसी बात को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि राठौर कॉलोनी में सीवर के गंदे पानी के भराव को लेकर दोनों पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में पूर्व पार्षद और उनके माता-पिता को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link