सीधी में बच्चियों को उठाने की कोशिश का आरोप: कंटेनर सवार दो संदिग्धों को पुलिस को सौंपा, लोग बोले- दोनों किडनैप कर रहे थे – Sidhi News

सीधी में बच्चियों को उठाने की कोशिश का आरोप:  कंटेनर सवार दो संदिग्धों को पुलिस को सौंपा, लोग बोले- दोनों किडनैप कर रहे थे – Sidhi News




रीवा-सीधी मार्ग पर बसे बढौरा गांव में सोमवार शाम को उस समय हंगामा हो गया, जब कंटेनर सवार दो लोगों पर स्कूली बच्चियों को पैसे का लालच देकर उठाने की कोशिश का आरोप लगा। ग्रामीणों ने दोनों संदिग्धों, रविंदर सिंह और हरपाल सिंह को पकड़कर सेमरिया थाने के हवाले कर दिया है। यह घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे की है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव की आठ बच्चियां स्कूल से परीक्षा देकर घर लौट रही थीं। रीवा-सीधी मार्ग से करीब 100 मीटर दूर एक सुनसान जगह पर कंटेनर खड़ा था। आरोप है कि उसमें बैठे लोगों ने बच्चियों को पैसे देकर अपने पास बुलाने की कोशिश की और जब बच्चियों ने मना किया, तो वे उन्हें जबरन उठाने की फिराक में थे। बच्चियों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को दबोच लिया। थाने के बाहर ग्रामीणों का प्रदर्शन घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सेमरिया थाने पहुंच गए। परिजन का कहना है कि बच्चियों को थाने के अंदर बैठाया गया है और उन्हें मिलने नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीण सुरेश भुजवा और सीमा साकेत ने बताया कि वे करीब तीन घंटे से थाने के बाहर खड़े हैं, लेकिन पुलिस उन्हें साफ-साफ कुछ नहीं बता रही है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि ये लोग बच्चियों को किडनैप (अपहरण) करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस और संदिग्धों का पक्ष सेमरिया थाना प्रभारी केदार परौहा ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में कंटेनर ड्राइवर ने एक अलग कहानी बताई है। ड्राइवर का कहना है कि सोमवार को उसकी बेटी का जन्मदिन है और वह पंजाब में अपने घर से दूर है। इसलिए वह सड़क पर मिली बच्चियों को अपनी बेटी समझकर पैसे देना चाहता था ताकि वे कुछ खा सकें और वह अपनी बेटी का जन्मदिन मना सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link