बड़वानी में शीतला सप्तमी पर मंदिरों में भक्तों की भीड़: महिलाओं ने शीतला माता को बासी भोजन अर्पित कर की पूजा – Barwani News

बड़वानी में शीतला सप्तमी पर मंदिरों में भक्तों की भीड़:  महिलाओं ने शीतला माता को बासी भोजन अर्पित कर की पूजा – Barwani News




बड़वानी शहर में मंगलवार को शीतला सप्तमी के अवसर पर शीतला माता मंदिरों में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। रणजीत चौक के दर्जी मोहल्ले स्थित शीतला माता मंदिर में तड़के से ही महिलाएं थाली सजाकर ठंडा भोजन लेकर पहुंचीं और माता की पूजा-अर्चना की। उन्होंने परिवार में सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। महिलाओं ने माता को एक दिन पहले तैयार किया गया ठंडा भोजन और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। पूजा के बाद, कई महिलाओं ने मंदिर परिसर में बैठकर ‘बूढ़ी मां’ की कहानी भी सुनी, जो इस पर्व का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। शीतला सप्तमी पर घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता और न ही अग्नि प्रज्वलित की जाती है। इस दिन महिलाएं एक दिन पूर्व तैयार किया गया ठंडा भोजन ही ग्रहण करती हैं। यह परंपरा शीतला माता के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। माता शीतला को चेचक जैसे रोगों की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है। मान्यता है कि उनकी पूजा करने से इन रोगों से मुक्ति मिलती है। चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की सप्तमी तिथि को शीतला सप्तमी के रूप में मनाया जाता है। दर्जी गली स्थित माता मंदिर में सोमवार रात 12 बजे के बाद से ही महिलाओं का पहुंचना शुरू हो गया था, जो मंगलवार दिनभर जारी रहा। पूजन-दर्शन के लिए मंदिर से लेकर एमजी रोड तक महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर में भी तीन से चार कतारों में महिलाएं खड़ी नजर आईं। मंदिर समिति द्वारा भक्तों को प्रसादी का वितरण भी किया गया। शीतला सप्तमी की अन्य तस्वीरें…



Source link