शिवपुरी शहर की कोतवाली पुलिस ने ऐसे व्हाट्सएप ग्रुप पकड़े हैं जिनका इस्तेमाल युवक झगड़े और विवाद में एक-दूसरे को बुलाने के लिए कर रहे थे। पुलिस ने इन ग्रुपों से जुड़े 16 से 21 साल के छात्रों और उनके अभिभावकों को थाने बुलाकर समझाइश दी और ग्रुप डिलीट करवा दिए। पुलिस जांच में ‘302’, ‘307’ और ‘गैंगस्टर’ नाम के तीन व्हाट्सएप ग्रुप सामने आए। इन ग्रुपों में करीब 15 से 20 सदस्य जुड़े हुए थे। ज्यादातर सदस्य छात्र थे, जिनमें कुछ नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक ये युवक किसी से झगड़ा या विवाद होने पर व्हाट्सएप ग्रुप में मैसेज डाल देते थे। इसके बाद ग्रुप के बाकी सदस्य मौके पर पहुंचकर साथ देते थे। इसी तरह धीरे-धीरे ये ग्रुप युवकों के बीच गैंग की तरह काम करने लगे थे। पुलिस ने ग्रुप डिलीट कराए
जांच में यह भी सामने आया कि इन ग्रुपों में शामिल कई छात्र शिवपुरी में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। कुछ अपने परिवार के साथ रहते हैं, जबकि कुछ किराए के कमरे लेकर रह रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सभी को थाने बुलाया और समझाया कि इस तरह के ग्रुप बनाकर झगड़ों में शामिल होना गलत है। कोतवाली थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि तीनों ग्रुप के एडमिन से तुरंत ग्रुप डिलीट करवा दिए गए हैं। साथ ही छात्रों और उनके अभिभावकों को आगे ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है। पुलिस ने अभिभावकों से भी कहा है कि वे अपने बच्चों के मोबाइल और व्हाट्सएप ग्रुप पर नजर रखें।
Source link