वॉर सिचुएशन है, थोड़ा बलिदान तो… गैस एजेंसी से मिला ऐसा जवाब शादी वाले घरों में हाहाकार!

वॉर सिचुएशन है, थोड़ा बलिदान तो… गैस एजेंसी से मिला ऐसा जवाब शादी वाले घरों में हाहाकार!


Jabalpur News: मिडिल ईस्ट में मचे युद्ध का सीधा असर अब भारत में आम आदमी की रसोई पर पड़ने लगा है. ईरान और इजरायल के बीच छिड़े युद्ध ने देश में एलपीजी (LPG) सप्लाई प्रभावित हो रही है. जबलपुर में तो आलम ये है कि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं. अब एक सिलेंडर लेने के बाद अगले की बुकिंग के लिए 25 दिन का अनिवार्य ‘वेटिंग पीरियड’ तय कर दिया गया है.

गैस एजेंसी संचालकों का साफ कहना है कि ‘वॉर सिचुएशन’ में जनता को बलिदान देना होगा. किल्लत ऐसी है कि शादी वाले घरों में भी हाहाकार मचा है. एजेंसियां बेबस हैं. हफ्ते भर में ही सिलेंडर के दाम 860 से उछलकर 920 रुपये तक पहुंच गए हैं. लोगों का कहना है कि जो सिलेंडर कभी एक कॉल पर घर आता था, उसके लिए अब उपभोक्ता को खुद एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं. आइए जानते हैं जबलपुर के लोग किन-किन स्थितियों का सामना कर रहे हैं.

वॉर सिचुएशन है, थोड़ा बलिदान देना होगा…
गैस एजेंसी संचालक नितिन मलिक ने बताया, कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर रोक लगा दी गई है. लेकिन, घरेलू सिलेंडर की सप्लाई पहले की तरह है. थोड़े रिस्ट्रिक्शन जरूर लगा दिए गए हैं. जहां गैस डिलीवरी के 25 दिन होने के बाद ही उपभोक्ता नंबर लगा सकेंगे. वॉर की सिचुएशन है, थोड़ा बलिदान देना होगा. उन्होंने बताया, जिस घर में शादी है. लोग जरूर परेशान होकर एजेंसी में आ रहे हैं, लेकिन हमारे पास भी कोई विकल्प नहीं है. ऐसे में विकल्प लोगों को ही खोजना होगा. एक बात तय है कि लोगों को लिमिट में ही गैस दी जाएगी.

एक हफ्ते पहले थी बुकिंग, ₹60 महंगा मिला
मोहम्मद अजर ने बताया एक हफ्ते पहले नंबर लगाया था. पहले घर में ही सिलेंडर आ जाया करता था. लेकिन, ईरान और इजरायल के युद्ध के कारण गैस सिलेंडर की कमी दिखाई दे रही है. एक हफ्ते पहले जब सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, तब दाम ₹860 था. इसका मैसेज भी आया था, लेकिन आज सिलेंडर लेने खुद ही अपनी बाइक से पहुंचा तब 920 रुपए का मैसेज आया है.

हॉकर बोले; कस्टमर कर रहे परेशान
हॉकर रहमान खान ने बताया, कई वर्षों से एलपीजी सिलेंडर गैस की डिलीवरी कर रहा हूं. लोग पैसे देने को तैयार हैं, लेकिन सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो पा रही है. लोगों के घरों में शादियां भी हैं. लोग ज्यादा पैसे भी देने तैयार हैं. लेकिन, गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं. लोगों के साथ हम भी असमंजस में हैं. पहले बिना ई-केवाईसी के भी गैस सिलेंडर दे दिया जाता था. लेकिन, अब इन चीजों पर थोड़ा सख्ती से काम किया जा रहा है. यहीं कारण है कि पहले ई-केवाईसी फिर गैस दी जा रही है. हालांकि यह काम पहले से चल रहा है. लेकिन अब सख्ती की गई है.

25 दिन पहले सिलेंडर खत्म, अब क्या करें?
बंगाली मस्जिद नया मोहल्ला से गैस एजेंसी में सिलेंडर लेने पहुंचे मोहम्मद उस्मान ने बताया, पहले घर से ही कॉल कर गैस सिलेंडर की बुकिंग कर लेते थे. हॉकर सिलेंडर देने घर तक आते थे, लेकिन पहली मर्तबा ऐसा हुआ है कि गैस एजेंसी आना पड़ा. यहां आकर पता चला कि गैस सिलेंडर 20 दिन पहले ही बुक हुआ है. इसके चलते 5 दिन का और इंतजार करना होगा. इसके बाद ही गैस सिलेंडर मिल पाएगा. हमारा बड़ा परिवार है, सिलेंडर 20 दिन में ही खत्म हो जाता है. समझ से परे है अब क्या करें?



Source link