नीमच शहर में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष और पार्षद पति मोनू लोक्स पर एक ठेला चलाने वाले युवक से ‘हफ्ता’ वसूली और उसे परेशान करने के आरोप लगे हैं। मंगलवार को पीड़ित स्वप्निल गट्टानी ने कैंट थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। स्वप्निल गट्टानी का कहना है कि मोनू लोक्स पिछले चार महीने से उनसे हर महीने 3,000 रुपए ‘गुंडा टैक्स’ मांग रहे थे। स्वप्निल का यह ठेला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन के ठीक बाहर लगता है। विवाद और बिजली का कनेक्शन काटा पीड़ित के अनुसार, विवाद 6 मार्च की शाम को तब बढ़ा जब मोनू लोक्स अपने बेटे के साथ दुकान पर पहुंचे और ग्राहकों के सामने गाली-गलौज की। आरोप है कि उन्होंने दबंगई दिखाते हुए कहा कि “नगर पालिका की यह जमीन हमारी है, यहां वही खड़ा होगा जिसे हम चाहेंगे।” जब स्वप्निल ने विरोध किया, तो आरोपी ने दुकान की बिजली का कनेक्शन काट दिया और तार भी उखाड़ ले गए। परिवार की मजबूरी और ऑडियो स्वप्निल ने बताया कि उनकी मां कैंसर से पीड़ित हैं और घर का खर्च इसी छोटी सी दुकान से चलता है। आरोप है कि पैसे न देने पर मोनू लोक्स ने नगर पालिका कर्मचारियों से साठगांठ कर दुकान की रसीद में नाम तक बदलवा दिया ताकि उन्हें वहां से हटाया जा सके। पीड़ित ने पुलिस को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी दी है, जिसमें रुपयों की मांग की बात कही जा रही है। मोनू लोक्स ने आरोपों को नकारा वहीं, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोनू लोक्स ने इन सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि राजनीति में ऐसे आरोप लगते रहते हैं और उन्होंने कोई पैसा नहीं मांगा है। लोक्स के मुताबिक, ठेला चालक वहां अवैध काम कर रहा था और बिजली मांग रहा था, जिसे मना करने पर वह अब झूठी शिकायत कर रहा है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Source link