रस्सी से खींच रहे थे ऑटो, टक्कर से युवक घायल: साइकिल से जा रहा था गांव, रस्सी टूटने से हुआ हादसा; लापरवाही का आरोप – Panna News

रस्सी से खींच रहे थे ऑटो, टक्कर से युवक घायल:  साइकिल से जा रहा था गांव, रस्सी टूटने से हुआ हादसा; लापरवाही का आरोप – Panna News




पवई थाना क्षेत्र के महेंडा गांव के पास एक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह हादसा रस्सी से खींचकर लाए जा रहे एक खराब ऑटो के अनियंत्रित होने के कारण हुआ। जानकारी के अनुसार, महेंडा निवासी सियाराम अहिरवार (26) पुत्र अनारी अहिरवार मंगलवार, 10 मार्च को पवई से अपने गांव लौट रहे थे। गांव के पास सामने से एक खराब ऑटो को रस्सी के सहारे खींचकर लाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक खींचने वाली रस्सी टूट गई, जिससे बेकाबू ऑटो सीधे सियाराम की साइकिल से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पलट गया और सियाराम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने 112 पर सूचना दी। पुलिस की मदद से घायल सियाराम को तत्काल पवई अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बुधवार, 11 मार्च को उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और सीने में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। उनका उपचार जारी है। घायल सियाराम ने आरोप लगाया है कि यह हादसा ऑटो चालक की घोर लापरवाही और तेज गति के कारण हुआ। उनका कहना है कि खराब वाहन को असुरक्षित तरीके से खींचना ही इस घटना का कारण बना। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link