बैतूल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कढ़ाई में निर्माणाधीन जेल के पास जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हर्रावाड़ी निवासी सुनील उर्फ अपाचे (लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब पांच साल से कढ़ाई क्षेत्र में अपने ससुराल में रह रहा था और किशन यादव के भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बताया कि सुनील शराब पीने का आदी था। उसकी पत्नी लगभग तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात भी वह शराब के नशे में था और घर में हंगामा कर रहा था। इसके बाद वह सो गया था। सुबह उसका शव निर्माणाधीन जेल के पास जंगल में एक पेड़ पर गमछे के सहारे लटका हुआ पाया गया। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। फिलहाल, पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Source link