उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में घरेलू काम करने वाली एक महिला को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से करीब 15 ग्राम सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। महिला पर अपने मालिक के घर से मंगलसूत्र चुराने का आरोप है। यह मामला 10 मार्च 2026 को सामने आया, जब गिरिराज हेरिटेज, माधव क्लब रोड निवासी स्वाति मिश्रा ने नीलगंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई। सिविल अस्पताल में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत स्वाति मिश्रा ने बताया कि उन्होंने 15 फरवरी की रात करीब 11 बजे अपना लगभग 15 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र घर के ड्रेसिंग रूम की दराज में रखा था। 7 मार्च की रात जब उन्होंने दराज देखी तो मंगलसूत्र गायब मिला। घर में महिला के अलावा किसी का आना-जाना नहीं फरियादिया ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2025 से वर्षा पांडे निवासी महालक्ष्मी नगर, नागझिरी उनके घर में घरेलू काम करने आती है और उसके अलावा किसी अन्य व्यक्ति का घर में आना-जाना नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि दिसंबर 2025 में उनके घर से करीब 8 ग्राम की सोने की अंगूठी भी इसी तरह चोरी हुई थी, जिसकी उस समय रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक तरुण कुरील के निर्देशन में पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर वर्षा पांडे (38 वर्ष, पति स्वर्गीय ब्रजेश पांडे, निवासी महालक्ष्मी नगर, नागझिरी) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सघन पूछताछ में आरोपी महिला ने चोरी की घटना कबूल कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश करेगी पुलिस पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लगभग 15 ग्राम सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर 11 मार्च को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस रिमांड लेने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पहले चोरी हुई सोने की अंगूठी के संबंध में भी उससे पूछताछ जारी है।
Source link