डिंडौरी जिले में बुधवार शाम एक पिकअप वाहन पलटने से करीब 20 लोग घायल हो गए। यह हादसा शाहपुर थाना क्षेत्र के सारस ताल और रामहेपुर गांव के बीच शाम 4 बजे के आसपास हुआ। हादसे के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे का शिकार हुए लोग अनूपपुर जिले के सुआ दंड गांव के रहने वाले हैं। वे एक पिकअप वाहन किराए पर लेकर घुसिया गांव में एक बच्चे के चौक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। गाड़ी में बच्चों और महिलाओं समेत करीब 30 लोग सवार थे। तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह घायलों के मुताबिक ड्राइवर गाड़ी काफी तेज चला रहा था। रास्ते में एक मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार लोग दूर जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर पास के गांव वाले मदद के लिए दौड़े और घायलों को संभाला। गाड़ी के मालिक और ड्राइवर बेचन सिंह को भी चोटें आई हैं। घायलों की हालत खतरे से बाहर अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर सुरेश मरावी ने बताया कि घायलों के कंधे, मुंह और पैरों में चोटें आई हैं। राहत की बात यह है कि किसी की भी हालत गंभीर नहीं है और सबका इलाज चल रहा है। घायलों में 70 साल की बुजुर्ग महिला से लेकर 5 साल तक के बच्चे भी शामिल हैं।
Source link