Last Updated:
India Next Match Schedule 2026: टी20 वर्ल्ड कप तो जीत लिया, अब आगे क्या? टीम इंडिया के अगले 4 महीने क्रिकेट के सबसे बड़े धमाकों के नाम रहने वाले हैं. 28 मार्च से IPL 2026 का आगाज होगा. जिसके बाद रोहित-विराट की जोड़ी अफगानिस्तान और फिर इंग्लैंड से लोहा लेगी. संजू सैमसन की जादुई पारी और वर्ल्ड कप जीत के बाद अब भारतीय फैंस के लिए खुशखबरी आ गई है. यहां देखें टीम इंडिया का पूरा ‘नया शेड्यूल’.
भारतीय टीम का टी20 विश्व कप के बाद का पूरा शेड्यूल.
नई दिल्ली. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी और गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब डिफेंड कर इतिहास रच दिया. अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को रौंदने के बाद अब ‘मेन इन ब्लू’ की नजरें भविष्य की चुनौतियों पर हैं. वर्ल्ड कप के जश्न के बीच क्रिकेट का रोमांच थमने वाला नहीं है, क्योंकि अगले 20 दिनों के भीतर 28 मार्च से आईपीएल 2026 का मेला सजने वाला है. आईपीएल के ठीक बाद जून में भारत अफगानिस्तान की मेजबानी करेगा, जिसमें एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे. इसके तुरंत बाद जुलाई में टीम इंडिया इंग्लैंड के बड़े दौरे पर रवाना होगी, जहां 19 दिनों के भीतर 5 टी20 और 3 वनडे मुकाबलों का कड़ा इम्तिहान होगा.
वर्ल्ड कप की जीत का जश्न अभी थमा भी नहीं है कि क्रिकेट प्रेमियों के लिए मनोरंजन का अगला डोज तैयार है. बीसीसीआई ने कंफर्म कर दिया है कि आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. 31 मई तक चलने वाले इस सीजन में पहले से कहीं ज्यादा मैच और रोमांच देखने को मिलेगा. अगले दो महीनों तक भारतीय खिलाड़ी अलग-अलग फ्रैंचाइजी की जर्सी में एक-दूसरे को चुनौती देते नजर आएंगे. बीसीसीआई ने आईपीएल के शेड्यूल का ऐलान दो फेज में करने का फैसला लिया है.पहले चरण में 20 मुकाबले खेले जाएंगे. पहले चरण के मैच 12 अप्रैल तक खेले जांएगे. मौजूदा चैंपियन आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच पहला मैच खेला जाएगा .
भारतीय क्रिकेट टीम का टी20 वर्ल्ड कप के बाद का पूरा शेड्यूल.
अफगानिस्तान का भारत दौरा
आईपीएल के तुरंत बाद जून में टीम इंडिया एक बार फिर नीली जर्सी में नजर आएगी. भारत का पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर होगा. इस सीरीज की शुरुआत एक ऐतिहासिक टेस्ट मैच से होगी.
भारत बनाम अफगानिस्तान शेड्यूल
| तारीख और समय (IST) | मैच | मैदान (वेन्यू) |
|---|---|---|
| 06 जून-26, सुबह 9:30 बजे | एकमात्र टेस्ट | न्यू चंडीगढ़ |
| 14 जून-26, दोपहर 1:30 बजे | पहला वनडे (ODI) | धर्मशाला |
| 17 जून-26, दोपहर 1:30 बजे | दूसरा वनडे (ODI) | लखनऊ |
| 20 जून-26, दोपहर 1:30 बजे | तीसरा वनडे (ODI) | चेन्नई |
जुलाई में टीम इंडिया की इंग्लैंड की अग्निपरीक्षा..19 दिन में 8 मैच
अफगानिस्तान सीरीज के बाद टीम इंडिया का असली इम्तिहान इंग्लैंड की धरती पर होगा. 1 जुलाई से शुरू होने वाले इस दौरे पर भारत 5 टी20 और 3 वनडे मैच खेलेगा. यह दौरा काफी व्यस्त रहने वाला है क्योंकि सभी 8 मुकाबले मात्र 19 दिनों के भीतर खेले जाएंगे.
भारत बनाम इंग्लैंड शेड्यूल
| मैच | तारीख | स्थान (वेन्यू) |
|---|---|---|
| पहला टी20 | 1 जुलाई | चेस्टर-ली-स्ट्रीट |
| दूसरा टी20 | 4 जुलाई | मैनचेस्टर |
| तीसरा टी20 | 7 जुलाई | नॉटिंघम |
| चौथा टी20 | 9 जुलाई | ब्रिस्टल |
| पांचवां टी20 | 11 जुलाई | साउथेम्प्टन |
| पहला वनडे | 14 जुलाई | बर्मिंघम |
| दूसरा वनडे | 16 जुलाई | कार्डिफ |
| तीसरा वनडे | 19 जुलाई | लंदन |
इंग्लैंड दौरे के बाद टीम इंडिया का शेड्यूल अभी आधिकारिक तौर पर जारी नहीं हुआ है. हालांकि इस साल भारतीय टीम एशियाई खेल में भी हिस्सा लेगी.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें