मऊगंज पुलिस ने एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पति समेत ससुराल पक्ष के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दहेज हत्या का अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। शादी के 9 माह बाद हुई 20 वर्षीय कुंती की मौत मृतिका कुंती केवट (20), निवासी हर्रई मुड़हान की शादी को महज 9 माह हुए थे। 23 फरवरी 2026 को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। चूंकि विवाह के सात वर्ष के भीतर मृत्यु हुई थी, इसलिए अनुविभागीय अधिकारी द्वारा मर्ग जांच की गई। जांच में मायके पक्ष के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर दहेज प्रताड़ना की पुष्टि हुई। बाइक की मांग की थी शिवराजपुर निवासी मृतिका के परिजनों ने आरोप लगाया कि पति कुशल केवट, ससुर रामसजीवन, सास कमलेशवती, जेठ लवकुश और जेठानी गीता दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर कुंती को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। परिजनों ने ससुर पर अशोभनीय हरकतों के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। दहेज अधिनियम में केस दर्ज पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी के निर्देशन में की गई जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पाया कि मृत्यु सामान्य नहीं थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 139/26 दर्ज करते हुए आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला कायम किया है। एसडीओपी सचि पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विवेचना के दौरान सभी पांचों आरोपियों को हिरासत में लिया। इस कार्रवाई में सउनि सतेन्द्र सिंह और मऊगंज थाने के स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।
Source link