बालाघाट में बुधवार देर शाम हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की जान चली गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, एक दूसरे हादसे में कार सवार परिवार बाल-बाल बच गया, लेकिन मवेशियों को काफी चोटें आईं। पहला दर्दनाक हादसा किरनापुर थाना क्षेत्र के सेवती और भानेगांव के बीच हुआ। यहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के दरवाजे बुरी तरह पिचक गए और उसमें सवार दो युवक अंदर ही फंस गए। पुलिस और राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दीपक उर्फ रजत सोनवाने (निवासी बूढ़ी) को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक राजू कोसरे का इलाज चल रहा है। फोरलेन पर भैंसों से भिड़ी कार दूसरी घटना नेवरगांव फोरलेन के पास हुई। गोंदिया से बरघाट लौट रहे एक परिवार की कार सड़क पर अचानक आई भैंसों से टकरा गई। कार चालक नंदराम ठाकुर ने बताया कि वे परिवार के चार सदस्यों को लेकर जा रहे थे। इस भिड़ंत में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कार सवारों को मामूली चोटें आईं, लेकिन सभी सुरक्षित रहे। हालांकि, हादसे में तीन भैंसें गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। इस घटना के कारण काफी देर तक सड़क पर ट्रैफिक बाधित रहा।
Source link