शाजापुर जिले के धोबी चौराहा क्षेत्र में बुधवार रात एक मोबाइल टावर की केबल में आग लग गई। घटना आयकर कार्यालय के पीछे स्थित टावर पर रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हुई। आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। यह टावर आइडिया कंपनी का बताया जा रहा है, जो आयकर विभाग के पीछे स्थित है। टावर के नीचे केबल में आग लगने से धुआं और लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी और अन्य उपलब्ध साधनों की मदद से आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से टावर के उपकरणों और आसपास के क्षेत्र में किसी बड़े नुकसान से बचा जा सका। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि, प्राथमिक जांच में केबल में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में लोगों की भीड़ भी जमा रही।
Source link