दमोह जिले के हटा ब्लॉक की मडियादो ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक कोई बड़ा अधिकारी या जनप्रतिनिधि आकर आश्वासन नहीं देता, वे प्रदर्शन जारी रखेंगे। मडियादो के वार्ड क्रमांक 12, 13, 14 और 15 में अभी तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दे रहे हैं। इसके अलावा, कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई में भी आवेदन दिया गया था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीण बोले- पहले भी किया था प्रदर्शन, नहीं बनी सड़क ग्रामीण हरिशंकर कुशवाहा और उमेश कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने पहले भी सड़क निर्माण की मांग को लेकर पंचायत के सामने धरना प्रदर्शन किया था। तब उन्हें जल्द ही पक्की सड़क बनाने का आश्वासन मिला था, लेकिन अभी तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। बारिश के दिनों में इन सड़कों पर कीचड़ हो जाता ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दिनों में इन सड़कों पर कीचड़ हो जाता है, जिससे चलना मुश्किल हो जाता है। बच्चे स्कूल नहीं जा पाते और मरीजों को लेने के लिए एंबुलेंस भी नहीं पहुंच पाती। इन विपरीत परिस्थितियों में ग्रामीण रहने को मजबूर हैं। इन चारों वार्डों में मुख्य रूप से कुशवाहा समाज के लोग रहते हैं, जो काफी समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया है। यह प्रदर्शन मडियादो के सब्जी बाजार में सड़क के किनारे शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है, ताकि आम जनता को कोई परेशानी न हो। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यह प्रदर्शन तभी समाप्त होगा जब कोई वरिष्ठ अधिकारी या जनप्रतिनिधि उनके पास आकर सड़क बनाने का ठोस आश्वासन देगा।
Source link