रसोई गैस के दाम बढ़े, आपूर्ति ठप: कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- आपदा में अपने लिए अवसर ढूंढ रही सरकार, बीजेपी बोली-भ्रम फैला रहा विपक्ष – Sehore News

रसोई गैस के दाम बढ़े, आपूर्ति ठप:  कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- आपदा में अपने लिए अवसर ढूंढ रही सरकार, बीजेपी बोली-भ्रम फैला रहा विपक्ष – Sehore News




सीहोर में रसोई गैस के बढ़ते दाम और आपूर्ति में बाधा को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी और महंगाई को लेकर हमला बोला है। गुजराती ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम जनता की मजबूरियों और आपदा में अपने लिए अवसर ढूंढ रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय भाजपा ने उज्ज्वला और लाड़ली बहनों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आते ही सरकार अपने वादे भूल गई। अब रसोई गैस के दामों में भारी वृद्धि कर दी गई है और कमर्शियल व घरेलू गैस की सुचारू आपूर्ति भी ठप हो गई है। बीजेपी का पलटवार
वहीं, कांग्रेस के इन बयानों पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रीतेश राठौर ने पलटवार किया है। राठौर ने कहा कि सरकार ने गैस की कालाबाजारी पूरी तरह रोक दी है और कहीं भी गैस की कमी नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर झूठा भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने सरकार को घेरा
गुजराती ने चेतावनी दी कि जिस तरह से कमर्शियल सप्लाई रोकी गई है और घरेलू गैस की बुकिंग में देरी हो रही है, उससे आने वाले दिनों में आम जनता के बीच त्राहि-त्राहि मच जाएगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार जानबूझकर कृत्रिम संकट पैदा कर रही है ताकि जनता परेशान हो और भाजपा फिर से आपदा में अवसर तलाश सके। उन्होंने सरकार से मांग की कि जनता को मूर्ख बनाना बंद करे और गैस की आपूर्ति वैसी ही सुनिश्चित करे जैसी पहले होती थी। गुजराती ने स्पष्ट किया कि यदि गैस की कीमतों में कटौती नहीं की गई और आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और जनता के हक की लड़ाई सड़क पर उतरकर लड़ेगी।



Source link