जबलपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार को कटंगी-पाटन मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने युवती के गांव कैमोरी में सड़क के बीच टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना को करीब 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन सड़क पर उतर आए और कटंगी-पाटन मार्ग पर जाम लगा दिया। 6 फरवरी को हुई थी शादी परिजनों के मुताबिक कैमोरी निवासी पूजा साहू की शादी 6 फरवरी को जबलपुर के लार्डगंज क्षेत्र निवासी निखिल साहू से हुई थी। शादी के बाद 20 फरवरी को पूजा अपने पति, सास, ससुर और ननद के साथ उज्जैन गई थी। परिजनों का कहना है कि 21 फरवरी को उज्जैन में पूजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका आरोप है कि पूजा बीमार होने की बात कहकर ससुराल पक्ष मायके वालों को उसका वीडियो भेजता रहा और पैसों की मांग करता रहा, लेकिन उसे किसी अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया। दहेज के लिए हत्या का आरोप पूजा के परिवार का आरोप है कि शादी में करीब चार लाख रुपए और जेवरात दहेज में दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष और पैसों की मांग कर रहा था। दहेज नहीं मिलने पर उज्जैन ले जाकर नवविवाहिता को मौत के घाट उतार दिया गया। दोषियों की गिरफ्तारी की मांग घटना के 25 दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि पति सहित ससुराल पक्ष के सभी आरोपियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं चक्काजाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश देने में जुटी रही।
Source link