शाजापुर जिले के कुमारिया खास गांव में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे विद्युत फाल्ट के कारण खेतों में आग लग गई। इस घटना में दो किसानों की साढ़े तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। प्रभावित किसानों में जगदीश पाटीदार (पिता राधेश्याम) और जगदीश (पिता बंसीलाल)
.
जानकारी के अनुसार, खेत के पास से गुजर रही विद्युत लाइन में अचानक फाल्ट हुआ, जिससे निकली चिंगारी सूखी गेहूं की फसल पर गिरी और तुरंत आग पकड़ ली। आग तेजी से फैली और देखते ही देखते खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन बड़ोदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी भीम सिंह पटेल, उपनिरीक्षक के.एन. यादव और प्रधान आरक्षक जगदीश दांगी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया।

पुलिस ने किसानों की शिकायत पर मोहन बड़ोदिया थाने में आगजनी का मामला दर्ज कर लिया है। किसानों ने प्रशासन से हुए नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।