खरगोन के सैलानी क्षेत्र में सड़क किनारे लावारिस खड़ा एक ट्रक मिला है, जिसमें करीब 1400 पेटी लिमॉन्ट बीयर भरी हुई थी। सूचना मिलने पर गुरुवार रात 8:30 बजे आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
.
यह शराब से भरा ट्रक 18 फरवरी को इंदौर जिले की सिमरोल स्थित लेमाउंट शराब फैक्ट्री से सनावद के लिए रवाना हुआ था। इसे 19 फरवरी को सनावद डिपो में डिलीवर किया जाना था, लेकिन 22 दिन बाद भी यह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचा।
आमतौर पर शराब परिवहन का परमिट एक दिन के लिए जारी किया जाता है। इस ट्रक का परमिट सिमरोल से बड़वाह, कसरावद, खरगोन होते हुए सनावद तक का था।
आबकारी उप निरीक्षक मुकेश गौर ने बताया कि ड्राइवर से पूछताछ में उसने बताया कि ट्रक का इंजन खराब हो गया था, जिसके कारण उसे सड़क किनारे खड़ा करना पड़ा। ड्राइवर इंजन ठीक करवाने के लिए गया हुआ था।
गौर के अनुसार, जिस दिन वाहन खराब हुआ था, उस दिन कसरावद थाने को 112 पर कॉल करके सूचना दे दी गई थी। आबकारी टीम को इसकी जानकारी बाद में मिली, जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से टीम मौके पर पहुंची।
फिलहाल, आबकारी विभाग ने ट्रक को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। वाहन ठीक होने के बाद परमिट का समय बढ़ाकर इसे सनावद डिपो भेजा जाएगा।
लगभग दो माह पहले सैलानी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिली थीं। इसी क्षेत्र में शराब से भरा यह ट्रक लावारिस हालत में मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है।



