विदिशा में सीएम हेल्पलाइन जन शिकायत शिविर: एसपी की मौजूदगी में 75 में से 65 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण – Vidisha News

विदिशा में सीएम हेल्पलाइन जन शिकायत शिविर:  एसपी की मौजूदगी में 75 में से 65 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण – Vidisha News




विदिशा जिले में गुरुवार को जिला स्तरीय सीएम हेल्पलाइन जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया। पुलिस लाइन स्थित पुलिस ऑडिटोरियम में हुए इस शिविर में कुल 75 शिकायतें सुनी गईं, जिनमें से 65 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना था। शिविर में पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आवेदकों से सीधा संवाद कर अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान फरवरी माह की ग्रेडिंग और 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों की विशेष समीक्षा भी की गई। शेष 10 मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। एसपी काशवानी ने कहा कि पुलिस प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील है और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण प्राथमिकता रहेगा। अधिकारियों की मौजूदगी में हुई सुनवाई शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह, एसडीओपी लटेरी अमरेश बोहरे सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई कर समाधान भी कराया। गंभीर मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुरानी शिकायतों का भी हुआ समाधान शिविर में लंबे समय से लंबित शिकायतें भी सामने आईं। इनमें विक्रम ठाकुर की करीब 200 दिन पुरानी शिकायत भी शामिल थी। उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण उनका अपने पिता से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर समझाइश दी, जिसके बाद मामला सुलझ गया और आवेदक ने अपनी शिकायत बंद करा दी। इसी तरह ग्यारसपुर क्षेत्र से करीब 400 दिन पुरानी एक शिकायत भी शिविर में सामने आई। आवेदक किशन कुशवाहा ने शिकायत की थी कि उनकी पत्नी ने भिक्षा मांगने आए एक अज्ञात व्यक्ति को कुछ सामान दे दिया था और वह उस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच और की गई कार्रवाई की जानकारी दी, जिसके बाद आवेदक संतुष्ट हो गया और उसने अपनी शिकायत वापस ले ली।



Source link