दमोह के मिशन अस्पताल में फर्जी डॉक्टर के ऑपरेशन करने के मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी संपत्ति कुर्क करने की मांग को लेकर गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने मोर्चा खोल दिया। विहिप कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सीएसपी एचआर पांडे को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। विहिप के जिला महामंत्री शंभू विश्वकर्मा ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी अजय लाल और इंदु लाल के विदेश में होने की जानकारी मिल रही है, लेकिन उन्हें भारत वापस लाने की प्रक्रिया में तेजी नहीं दिखाई जा रही है। इसके अलावा, भारत में ही मौजूद अन्य आरोपी जीवन मेसी और रोशन प्रसाद भी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि पुलिस की ढिलाई के कारण ही ये गिरफ्तारियां नहीं हो पा रही हैं। संपत्ति बेचने की कोशिश का आरोप ज्ञापन में यह गंभीर आरोप भी लगाया गया कि फरार आरोपी दमोह में स्थित अपनी संपत्तियों को ठिकाने लगाने या बेचने की फिराक में हैं। विहिप का कहना है कि प्रशासन ने इन संपत्तियों को कुर्क करने या इनकी बिक्री रोकने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़े हुए हैं। उग्र आंदोलन की चेतावनी विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अगर आरोपियों को जल्द नहीं पकड़ा गया, तो वे सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। सीएसपी एचआर पांडे ने संगठन को भरोसा दिलाया है कि पुलिस नियमानुसार उचित कार्रवाई कर रही है और जल्द ही परिणाम सामने आएंगे।
Source link