रीवा जिले के डभौरा थाने में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर शुक्रवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए परिजन थाने पहुंच गए और पुलिस पर सही तरीके से जांच न करने का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। इस दौरान भावुक परिजनों ने रोते-बिलखते हुए थाने के मुख्य गेट पर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिसकर्मियों से कहा कि हमें डराओ मत, गोली मार दो। दरअसल, मामला डभौरा थाना क्षेत्र का है। मंगलवार सुबह जंगल किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान ग्राम लोहगढ़ निवासी प्रकाश नारायण तिवारी के रूप में हुई है। उनका शव डभौरा से करीब 2 किलोमीटर दूर हरदौली रोड के पास मिला था। परिजनों का आरोप- बिना जांच के हादसा बताया
परिजनों का आरोप है कि पुलिस बिना गहराई से जांच किए मामले को सड़क हादसा बताने की कोशिश कर रही है। उनका कहना है कि मृतक का मोबाइल फोन और पैसे गायब हैं, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। परिजनों ने सवाल उठाते हुए कहा कि बिना निष्पक्ष जांच के थाना प्रभारी इस घटना को एक्सीडेंट कैसे बता सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सख्त सजा मिल सके।
Source link