Last Updated:
Salman Agha Punished by ICC: पाकिस्तान के सलमान अली आगा पर आईसीसी ने एक्शन लेते हुए उन्हें फटकार लगाई है और उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ दिया गया है. ढाका में हुए बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दूसरे वनडे मैच के दौरान रनआउट होने पर सलमान काफी गुस्से में नजर आए थे, जिसके बाद उन्हें ग्राउंड पर ही हेलमेट पटकते देखा गया.
सलमान आगा पर आईसीसी का एक्शन.
नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बल्लेबाज सलमान अली आगा पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने एक्शन लेते हुए कड़ी सजा सुनाई है. दरअसल, बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच ढाका में हुए दूसरे वनडे मैच के दौरान रनआउट होने के बाद सलमान काफी गुस्से में नजर आए थे, जिसके बाद उन्होंने गलत तरीके से ग्राउंड पर ही हेलमेट और ग्लव्स फेंक दिए. इतना ही नहीं डग आउट में जाते समय बाउंड्री लाइन के पास भी उन्होंने ऐसा ही किया, जिसके खामियाजा आईसीसी से फटकार और एक डिमेरिट अंक के रूप में उठाना पड़ा.
रनआउट होने पर क्यों तिलमिलाए सलमान?
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में हुई, जब सलमान आगा मोहम्मद रिजवान के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे. मेहदी हसन मिराज की चौथी गेंद को मोहम्मद रिजवान ने गेंदबाज की दिशा में खेला. गेंद पकड़ने की कोशिश में मिराज नॉन स्ट्राइक वाली क्रीज से बाहर खड़े सलमान अली आगा से लड़ गए. गेंद रुक गई थी, इसलिए आगा ने सिंगल लेने का इरादा छोड़ दिया और गेंद खुद उठाकर मिराज को देने लगे. इतने में मिराज ने गेंद उठाकर विकेट पर दे मारी और रनआउट की अपील भी कर दी. आगा क्रीज के बाहर थे और अपील के बाद उन्हें तीसरे अंपायर ने रनआउट करार दिया. आगा गेंद गेंदबाज को देने की कोशिश कर रहे थे और उन्हें रन आउट दे दिया गया. इसलिए फैसले को खेल भावना के विपरीत माना जा रहा है. आगा रन आउट होने के बाद काफी गुस्से में नजर आए और उन्होंने बांग्लादेशी खिलाड़ियों को कड़े शब्दों का इस्तेमाल भी किया था.
सलमान आगा पर आईसीसी का एक्शन.
मैच रेफरी नियामुर रशीद ने बताया कि मैदान से बाहर जाते समय क्रिकेट के उपकरण के साथ गलत व्यवहार करने की वजह से सलमान आगा को फटकार लगाई गई और एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया. उन्होंने यह भी कहा, ‘सलमान अगा का पहले इस तरह के व्यवहार का कोई रिकॉर्ड नहीं है, इसलिए उन्हें सिर्फ फटकार और एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया.’ यह गलती आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 के अंतर्गत आती है, जिसमें इंटरनेशनल मैचों के दौरान होने वाली छोटी गलतियां शामिल होती हैं. आर्टिकल 2.2 में मैच के दौरान क्रिकेट के उपकरण, कपड़ों या मैदान की चीज़ों के साथ गलत व्यवहार करने के बारे में बताया गया है.
क्या बोले सलमान आगा?
मैच के बाद सलमान आगा ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी. सलमान आगा ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘मुझे लगता है कि खेल भावना होनी चाहिए. वह मेहदी को गेंद वापस देने की कोशिश कर रहे थे. ऐसी स्थिति में इसे डेड करार दिया जा सकता था.’ उन्होंने आगे कहा, ‘गेंद मेरे पैड पर और फिर मेरे बैट पर लगी. इसलिए मुझे लगा कि वह अब मुझे रन-आउट नहीं कर सकते, क्योंकि बॉल पहले ही मेरे पैड और मेरे बैट पर लग चुकी थी. मैं बस उन्हें गेंद वापस देने की कोशिश कर रहा था. मैं रन नहीं ढूंढ रहा था, लेकिन उसने पहले ही रन-आउट करने का फैसला कर लिया.’
आगा ने कहा, ‘बांग्लादेश ने जो किया है वह कानून के अंदर है. मुझे लगता है कि अगर उन्हें लगता है कि यह सही है, तो यह सही है, लेकिन मेरे नजरिए से, मैं इसे अलग तरह से करता. मैं खेल भावना के लिए जाता. हमने पहले ऐसा कुछ नहीं किया है, और भविष्य में भी ऐसा कभी नहीं करेंगे.’ अपने गुस्से को लेकर सलमान ने कहा, ‘उस पल मैंने गुस्से में रिएक्शन दिया था. उस समय ने मुझे कुछ नजरिया दिया है. कुछ चीजों को अलग तरह से हैंडल करना चाहिए.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें