नीमच जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को रसोई गैस के संकट और सिलेंडरों की किल्लत को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। गांधी भवन से विजय टॉकीज चौराहे तक निकाली गई इस विरोध रैली में कार्यकर्ताओं ने ठेले पर खाली सिलेंडर रखकर नारेबाजी की और सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताया। नाली की गैस से चाय बनाने का प्रतीकात्मक प्रयोग प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के पुराने बयान पर तंज कसते हुए नाली से निकलने वाली गैस से चाय बनाने का प्रयास किया। यह प्रयोग सफल नहीं होने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि सरकार केवल काल्पनिक दावों से जनता को भ्रमित कर रही है, जबकि हकीकत में लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। बुकिंग की समय सीमा 45 दिन तक पहुंची जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की दोषपूर्ण नीतियों के कारण जिले में गैस संकट गहरा गया है। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग अब 45-45 दिनों तक लंबित रह रही है। इससे आम आदमी की रसोई का बजट और दैनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। व्यापार और शादियों के सीजन पर असर कांग्रेस ने चेतावनी दी कि कमर्शियल गैस की कमी से होटल और रेस्टोरेंट संचालक मुश्किल में हैं। शादी-विवाह के सीजन में आपूर्ति बाधित होने से सामाजिक कार्यक्रमों में बाधा आ रही है। बाहेती ने कहा कि यदि आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो कई होटल बंद हो जाएंगे, जिससे कामगारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। सर्वर की समस्या को बताया बहाना पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया और अन्य नेताओं ने कहा कि गैस एजेंसियां सर्वर डाउन होने का बहाना बनाकर जनता को गुमराह कर रही हैं। इस प्रदर्शन में बृजेश मित्तल, महेश वीरवार, गजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link