हरदा में 16 दिन में लगे 550 एचपीवी टीके: 6715 का है टारगेट; परीक्षा, रमजान और भ्रामक पोस्ट से टीकाकरण अभियान प्रभावित – Harda News

हरदा में 16 दिन में लगे 550 एचपीवी टीके:  6715 का है टारगेट; परीक्षा, रमजान और भ्रामक पोस्ट से टीकाकरण अभियान प्रभावित – Harda News




हरदा जिले में 28 फरवरी से शुरू हुए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की रफ्तार बहुत धीमी है और 16 दिनों में 6715 के लक्ष्य के मुकाबले केवल 550 बालिकाओं को ही टीके लग पाए हैं। परीक्षा का समय, रमजान, तेज गर्मी और सोशल मीडिया पर सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन को लेकर फैल रही भ्रामक पोस्ट के कारण यह अभियान प्रभावित हो रहा है, जिसे लेकर वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रहा है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में जिले में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर से इस अभियान का शुभारंभ किया था, जिसका हरदा में सीधा प्रसारण देखा गया। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इस अभियान का शुभारंभ भोपाल के काटजू अस्पताल से किया गया था। 6715 का है लक्ष्य, पहले दिन लगे थे 21 टीके अभियान के तहत हरदा जिले को कुल आबादी का एक प्रतिशत यानी 6715 डोज लगाने का लक्ष्य मिला था। पहले चरण में हरदा जिले को एचपीवी वैक्सीन के 4232 डोज प्राप्त हुए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एच.पी. सिंह के अनुसार, जिला अस्पताल के डीईआईसी में पहले दिन 21 बालिकाओं को टीका लगाया गया था। अब तक 16 दिनों में जिले भर में केवल 550 बालिकाओं को ही यह टीका लगाया जा सका है। भ्रामक पोस्ट, परीक्षा और रमजान से अभियान प्रभावित स्वास्थ्य विभाग को अपना लक्ष्य पूरा करने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। आशा कार्यकर्ताओं के अनुसार, परीक्षा का समय, रमजान का महीना और तेज गर्मी के कारण लोग टीकाकरण में कम रुचि दिखा रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या सोशल मीडिया पर सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन को लेकर फैल रही भ्रामक पोस्ट्स हैं। इन पोस्ट्स के कारण कई अभिभावक अपनी बेटियों को वैक्सीन लगवाने से कतरा रहे हैं। सीएमएचओ बोले- 160 देशों में लग रही, पूरी तरह सुरक्षित सीएमएचओ डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि यह वैक्सीन दुनिया के 160 देशों में लगाई जा रही है और पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे 14 वर्ष की अपनी बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं। यह सिंगल डोज जानलेवा बीमारी से सुरक्षा प्रदान करता है। इस वैक्सीन के प्रति डोज की कीमत 4200 रुपए है। 14 वर्ष की बालिकाओं को लगेगा टीका, यहां है सुविधा डीआईओ डॉ. जी.एस. कुशवाहा ने बताया कि जिले की समस्त बालिकाएं जिनकी आयु 14 वर्ष हैं, उन सभी को यह वैक्सीन लगाया जाएगा। जिले में एचपीवी टीकाकरण जिला अस्पताल के साथ टिमरनी, हंडिया, खिरकिया और सिराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी उपलब्ध है। यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण कर अपॉइंटमेंट बुक किया जा सकता है या सत्र स्थल पर आईडी से सीधे पंजीकरण भी करा सकते हैं। क्या है सर्वाइकल कैंसर और एचपीवी संक्रमण? सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से का कैंसर है, जिसे सर्विक्स भी कहा जाता है। लगभग 99.7 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) के हाई-रिस्क टाइप से जेनेटल ट्रैक्ट में लगातार संक्रमण के कारण होते हैं। एचपीवी प्रजनन मार्ग का सबसे आम वायरल संक्रमण है। ज्यादातर संक्रमण बिना लक्षणों के ठीक हो जाते हैं, लेकिन लगातार संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है। कार्यक्रम में इन अधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी टीकाकरण सत्र के दौरान बालिकाओं का पंजीयन और परामर्श के बाद टीकाकरण किया गया। इस दौरान डॉ. विजेंद्र धनवारे, डीपीएम दिनेश चौहान, एपीएम एम.एम. मालवीय और वीसीसीएम उत्तम गोस्वामी उपस्थित रहे। इनके साथ डीईआईएम आशीष साकल्ले, मीना पंदराम, मीरा महोबिया, नीरज मालवीय, जितेंद्र सूर्यवंशी सहित नगरीय क्षेत्र की एएनएम व आशा कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं।



Source link