2.5 लाख की गड़बड़ी के आरोप में मुनीम की मौत: शिवपुरी में फंदे पर मिला शव; हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने किया चक्का जाम – Shivpuri News

2.5 लाख की गड़बड़ी के आरोप में मुनीम की मौत:  शिवपुरी में फंदे पर मिला शव; हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने किया चक्का जाम – Shivpuri News




शिवपुरी जिले के पोहरी में 2.5 लाख रुपए की गड़बड़ी के आरोप के बाद 26 वर्षीय मुनीम का शव रविवार शाम फांसी पर लटका मिला, जिसके विरोध में परिजनों ने रात 12 बजे तक थाने पर चक्का जाम किया और अब सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोहरी के ग्राम बरखेड़ा निवासी 26 वर्षीय नेपाल शाक्य पिछले 5-6 साल से पोहरी के पास स्थित एक भूसा फैक्ट्री में मुनीम के रूप में कार्यरत था। मृतक के बड़े भाई सोनेराम शाक्य ने बताया कि रविवार शाम करीब 5 बजे नेपाल का फोन आया था। उसने बताया था कि फैक्ट्री मालिक उस पर चोरी का आरोप लगा रहे हैं। सोनेराम का आरोप है कि फोन आने के बाद भूसा फैक्ट्री मालिक का बेटा शिवम और राजू कुछ अन्य लोगों के साथ उनके घर आए। वे नेपाल के बारे में पूछताछ करते हुए उसे अपने वाहन में बैठाकर ले गए और कुछ देर बाद उसकी मौत की खबर मिली, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों का आरोप- हत्या कर फंदे पर लटकाया परिजनों का आरोप है कि नेपाल ने फोन पर बताया था कि उसे बंधक बनाकर धमकाया जा रहा है। उनका दावा है कि फैक्ट्री मालिक के बेटे और उसके साथियों ने मिलकर नेपाल की हत्या की है और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को शिवपुरी शहर की मुदगल कॉलोनी के कमरे में फांसी पर लटका दिया। फैक्ट्री प्रबंधन का दावा- 2.50 लाख की हुई गड़बड़ी दूसरी ओर, इस पूरे मामले में फैक्ट्री प्रबंधन का कहना है कि नेपाल मुनीम था और वह हिसाब-किताब का काम देखता था। प्रबंधन के अनुसार, हिसाब-किताब और सीसीटीवी फुटेज की जांच में करीब 2 से 2.50 लाख रुपए की गड़बड़ी सामने आई थी। रात 12 बजे तक थाने के बाहर चक्का जाम रविवार शाम करीब 7 बजे जब परिजन शव लेकर पोहरी पहुंचे, तो गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पोहरी थाने के बाहर चक्का जाम कर दिया। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मर्ग कायम, आज होगा पोस्टमार्टम पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के इस आश्वासन के बाद रात करीब 12 बजे चक्का जाम समाप्त किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।



Source link