देवास निगम बैठक में पार्षदों ने जताई नाराजगी: वार्डों में काम न होने पर अधिकारियों पर लगाए आरोप, भ्रष्टाचार का मुद्दा भी गरमाया – Dewas News

देवास निगम बैठक में पार्षदों ने जताई नाराजगी:  वार्डों में काम न होने पर अधिकारियों पर लगाए आरोप, भ्रष्टाचार का मुद्दा भी गरमाया – Dewas News




देवास नगर निगम परिषद की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। इसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के अधिकांश पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में समय पर कार्य न होने को लेकर नाराजगी व्यक्त की। कांग्रेस पार्षदों ने अधिकारियों पर उनकी बात न सुनने का आरोप लगाया। वार्ड क्रमांक 42 के पार्षद श्याम पटेल ने बैठक में तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि “मेरा वार्ड क्या पाकिस्तान में है? मेरे वार्ड के साथ सौतेला व्यवहार क्यों हो रहा है और वहां कार्य क्यों नहीं हो पा रहे हैं?” कांग्रेस के एक अन्य पार्षद दीपेश कानूनगो ने कहा कि परिषद को “पिकनिक स्पॉट” न बनाकर ऐसा काम करना चाहिए, जिससे पांच साल बाद वे कह सकें कि यह एक अच्छी परिषद थी। उन्होंने वर्तमान कार्यकाल को सबसे खराब बताया। वहीं, भाजपा पार्षद अजय तोमर ने वार्ड क्रमांक 17 में हुए पौधारोपण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने खाली प्लॉटों से कचरा शुल्क लेने का भी विरोध किया और इसे हटाने की मांग की। परिषद की बैठक में गंदा पानी, कचरा शुल्क, पौधारोपण और ट्रेचिंग ग्राउंड में मिले गौवंश का मुद्दा भी गरमाया। इस मामले पर सभापति रवि जैन ने कहा कि जिन प्लॉटों की बाउंड्री है, उन्हें छोड़कर शेष से कचरा शुल्क लिया जाए। उन्होंने ऐसा संकल्प तैयार करने का निर्देश दिया। पार्षदों ने यह भी कहा कि निगम मूलभूत समस्याएं भी हल नहीं कर पा रही है और जनता उनसे सवाल करती है। बैठक के दौरान बजट में आय और व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया।



Source link