खरगोन शहर के कुंदा नगर स्थित निर्भया हॉस्टल में सोमवार रात छात्रा का शव कमरे में फंदे पर लटका हुआ मिला। छात्रा की पहचान 21 वर्षीय रोशनी सोलंकी के रूप में हुई है, छात्रा बड़वानी जिले की वरला तहसील के निरगुडिया गांव की रहने वाली थी। वह खरगोन में रहकर बीए सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। रूम पार्टनर ने फंदे पर लटका देखा
घटना का पता तब चला जब रात करीब 8 बजे उसकी रूम पार्टनर पूजा ठाकुर कॉलेज से वापस हॉस्टल लौटी। उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। दरवाजा खोलने पर रोशनी का शव पंखे से दुपट्टे के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल में हड़कंप मच गया। इसके बाद तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन और खरगोन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रूम पार्टनर पूजा ठाकुर ने बताया कि रोशनी एक दिन पहले ही अपने घर से लौटी थी। वह काफी थकी हुई थी और आज कॉलेज भी नहीं गई थी। वहीं मृतक छात्रा के भाई विजय वास्कले ने बताया कि उन्हें अभी तक घटना के कारणों की जानकारी नहीं है। उन्हें शाम को सूचना मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। खरगोन कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वह कल ही घर से लौटी थी। आरंभिक जांच में छात्रा ने सुसाइड किया है। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
Source link