गुड़ी पड़वा से शुरू होगा हिंदू नववर्ष, क्यों खास है यह पर्व और किस दिशा में करें स्थापना?

गुड़ी पड़वा से शुरू होगा हिंदू नववर्ष, क्यों खास है यह पर्व और किस दिशा में करें स्थापना?


Gudi Padwa 2026: चैत्र शुक्ल प्रतिपदा की सुबह अपने साथ नई ऊर्जा, नई उम्मीद और एक नए आरंभ का संदेश लेकर आती है. यही पावन दिन गुड़ी पड़वा के रूप में हिंदू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है.यह सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मकता और शुभता के आगमन का संकेत है.उज्जैन के आचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, गुड़ी पड़वा का धार्मिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक महत्व बेहद खास है.

मान्यता है कि इसी दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी, इसलिए इसे सृजन और नवआरंभ का दिन माना जाता है. इस अवसर पर घरों में गुड़ी स्थापित करने की परंपरा है, जो विजय, समृद्धि और सुख का प्रतीक होती है. इस वर्ष गुड़ी पड़वा 19 मार्च को चैत्र नवरात्रि के साथ मनाया जाएगा, जिससे इसकी महत्ता और बढ़ जाती है. ऐसे में गुड़ी स्थापित करने से पहले उसकी सही दिशा और विधि जानना बेहद जरूरी है, ताकि पूरे वर्ष सुख-समृद्धि बनी रहे.

क्या है गुड़ी पड़वा का महत्व
गुड़ी पड़वा हिंदू नववर्ष का शुभारंभ माना जाता है, जिसका विशेष धार्मिक महत्व है. ‘गुड़ी’ का अर्थ ध्वज या विजय पताका होता है, जबकि ‘पड़वा’ मराठी भाषा में प्रतिपदा तिथि को कहा जाता है. यही कारण है कि इस पर्व को गुड़ी पड़वा के नाम से जाना जाता है. मान्यता है कि इसी दिन सृष्टि के रचयिता भगवान ब्रह्मा ने जगत की रचना की थी. इसलिए यह तिथि नई शुरुआत, उत्साह और शुभ कार्यों के लिए अत्यंत पवित्र मानी जाती है.

कैसे मनाते हैं गुड़ी पड़वा का पर्व
गुड़ी पड़वा के अवसर पर लोग अपने घरों की विशेष साफ-सफाई करते हैं और उसे रंगोली, फूलों की मालाओं से सुंदर रूप से सजाते हैं. घर के मुख्य द्वार पर आम या अशोक के पत्तों से बना तोरण बांधना शुभ माना जाता है. इस दिन विभिन्न पारंपरिक व्यंजन भी बनाए जाते हैं. आंगन या घर के बाहर गुड़ी यानी ध्वज स्थापित किया जाता है, जिसमें पात्र पर स्वस्तिक बनाकर उस पर रेशमी वस्त्र लपेटा जाता है. साथ ही सुबह तेल लगाकर स्नान करने और गुड़ के साथ नीम की कोपल खाने की परंपरा भी स्वास्थ्य और समृद्धि का प्रतीक मानी जाती है.

गुड़ी लगाने के लिए कौन सी दिशा शुभ
गुड़ी स्थापित करने के लिए पूर्व दिशा को सबसे शुभ माना गया है, क्योंकि यही वह दिशा है जहां से सूर्य उदय होता है. सूर्य को ऊर्जा, नई शुरुआत और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है, इसलिए इस दिशा में गुड़ी लगाने से घर में शुभता का प्रवेश होता है. इसके अलावा उत्तर-पूर्व दिशा, जिसे ईशान कोण कहा जाता है, वहां गुड़ी स्थापित करना भी अत्यंत लाभकारी माना गया है. मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे पूरे परिवार का कल्याण होता है.



Source link