सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) से 5 मार्च को लापता हुए 40 वर्षीय मरीज दिलीप उर्फ पाउडर साहू का शव 11 दिन बाद सोमवार को जिला अस्पताल में मिला है, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मोहननगर वार्ड निवासी 40 वर्षीय दिलीप साहू को पीठ में दर्द और कमजोरी की शिकायत थी। परिजनों ने उन्हें 25 फरवरी को इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया था। बीएमसी में दिलीप का इलाज चल रहा था और परिजनों के अनुसार उनकी हालत सामान्य थी। इसी बीच 5 मार्च की सुबह दिलीप अचानक अस्पताल के वार्ड में अपने पलंग से गायब हो गए। सीसीटीवी में कुछ दूर जाते हुए आए थे नजर परिजनों ने शुरुआत में अस्पताल परिसर में उनकी तलाश की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चला। अस्पताल प्रबंधन को सूचना देने के बाद परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दिलीप अपने पलंग से उठकर कुछ दूरी तक जाते हुए दिखाई दिए, लेकिन उसके बाद नजर नहीं आए। परिजनों की शिकायत पर गोपालगंज थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच में लिया था। अज्ञात व्यक्ति ने जिला अस्पताल में कराया था भर्ती मृतक के परिजन पप्पू साहू ने बताया कि परिवार के लोग 5 मार्च से ही दिलीप की तलाश कर रहे थे। इसी बीच सोमवार को पता चला कि दिलीप का जिला अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया है। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो उन्हें दिलीप मृत अवस्था में मिले। अस्पताल में बताया गया कि 5 मार्च को किसी अज्ञात व्यक्ति ने दिलीप को गंभीर हालत में भर्ती कराया था। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें तुरंत आईसीयू में रखा गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप- किसी ने नहीं दी सूचना परिजनों ने आरोप लगाया है कि वे लगातार मरीज की तलाश कर रहे थे। उन्होंने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों को मरीज की गुमशुदगी की पूरी जानकारी दी थी। इसके बावजूद किसी भी विभाग ने उन्हें मरीज के जिला अस्पताल में भर्ती होने की कोई सूचना नहीं दी। टीआई बोले- पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया, “बीएमसी से गायब हुए मरीज का शव मिला है।” उन्होंने कहा, “परिजन ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मामले में शव का पोस्टमार्टम कराया है।” थाना प्रभारी ने बताया, “पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।”
Source link