ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया टर्मिनल पर नई उड़ानों का संकट बरकरार है। अगर वर्तमान की बात करें तो यहां से केवल दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए ही नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। वही आगामी समर सीजन में भी नई उड़ानों की संभावना न के बराबर दिखाई दे रही है, जिससे ग्वालियर के यात्री लोगों में निराशा है। इसके साथ ही पिछले छह महीने के विंटर सीजन में भी कोई नई फ्लाइट ग्वालियर से शुरू नहीं हो सकी थी। ग्वालियर से हैदराबाद और पुणे सहित कई बड़े शहरों के लिए यात्रियों की लगातार मांग बनी रहती है, लेकिन अब तक किसी भी एयरलाइन कंपनी ने यहां से नई सेवा शुरू करने की पहल नहीं की है। अब 28 मार्च से लागू होने वाले समर फ्लाइट शेड्यूल में भी नई उड़ानें जुड़ने की उम्मीद बहुत कम है। यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा वहीं सीमित कनेक्टिविटी के बावजूद, यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी है। पिछले एक महीने से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ानों में 90 से 95 प्रतिशत तक सीटें भरी हुई हैं। औसतन प्रतिदिन लगभग एक हजार यात्री यात्रा कर रहे हैं। इसके बावजूद नई उड़ानें शुरू करने को लेकर कोई पहल सामने नहीं आई है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, 28 मार्च से समर सीजन का नया फ्लाइट शेड्यूल लागू होगा। आमतौर पर इसी समय एयरलाइंस कंपनियां नई उड़ानों की घोषणा करती हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी एयरलाइन ने ग्वालियर से नई फ्लाइट शुरू करने के लिए संपर्क नहीं किया है।
Source link